रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहा था अवैध बार, छापेमारी में दो दबोचे गए
Gorakhpur News - देवरिया बाईपास स्थित फैशन क्लब रेस्टोरेंट पर आबकारी विभाग और पुलिस ने छापेमारी कर अवैध बार का भंडाफोड़ किया है। मौके से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

आबकारी विभाग और पुलिस के संयुक्त अभियान के तहत होटलों और रेस्टोरेंट में बिना लाइसेंस के संचालित बार को लेकर की जा रही छापेमारी में बड़ी सफलता मिली है। देवरिया बाईपास रोड पर संचालित फैशन क्लब रेस्टोरेंट में की गई छापेमारी में बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई। अवैध तरीके से शराब की बिक्री करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। आबकारी निरीक्षक मनीष त्यागी के नेतृत्व में टीम ने सोमवार की रात में देवरिया बाईपास रोड पर संचालित फैशन क्लब रेस्टोरेंट में छापा मारा था।
मौके पर बड़ी मात्रा में बीयर और अंग्रेजी शराब बरामद हुई है जिसे बिना बार का लाइसेंस लिए अवैध तरीके से परोसा जा रहा है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान महराजगंज निवासी सागर साहनी और कुशीनगर निवासी आदर्श सिंह के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों ने पूछताछ में बताया गया कि एफटीवी बार का संचालन आदित्य सिंह उर्फ सचिन द्वारा किया जा रहा है।
बता दें कि छह महीने पहले भी आबकारी विभाग ने देवरिया बाईपास पर रूबरू नाम से संचालित अवैध बार में छापेमारी कर कार्रवाई की थी। आबकारी निरीक्षक मनीष त्यागी ने बताया कि अवैध तरीके से बार के संचालन को लेकर शिकायत मिल रही थी। जिसके बाद पुलिस टीम के साथ छापेमारी की गई। बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई है। आबकारी एक्ट में मुकदमा पंजीकृत कर दो आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



