जुर्माना शुल्क 20 हजार बताकर मांगी तीन हजार रिश्वत
Gorakhpur News - एसएसपी ने शिकायत पर एसपी ट्रैफिक को सौंपी जांच, जल्द देंगे रिपोर्ट ट्रैफिक में लापरवाही

गोरखपुर, वरिष्ठ संवाददाता। एक ओर डीजीजी से लेकर एसएसपी गोरखपुर तक ट्रैफिक सुधाकर लोगों को राहत देने की कोशिश कर रहे हैं, तो वहीं कुछ मातहत सेंध लगा रहे हैं। ताजा मामला नौसड़ में सामने आया है, यहां पर रायपुर से पपीता लादकर गोरखपुर मंडी आ रहे डीसीएम चालक से तीन हजार रुपये की रिश्वत मांगे जाने का आरोप है। बताया जा रहा है कि ट्रैफिक ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी ने नो एंट्री में आने का जुर्माना 20 हजार रुपये बताकर तीन हजार रुपये की मांग की। मामला एसएसपी के संज्ञान में आने पर उन्होंने एसपी ट्रैफिक को पूरे प्रकरण में जांच सौंपी है।
जल्द रिपोर्ट मांगी है, ताकि आरोप सही होने पर कार्रवाई हो सके।मूलरूप से जबलपुर के गढ़वा निवासी डीसीएम चालक के साथ घटना हुई है। उसके मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 6:45 बजे नौसड़ चौराहे पर पहुंचा था। उसका कहना है कि वाहन में करीब दो लाख रुपये का पपीता लदा था, जो समय पर मंडी नहीं पहुंचता, तो सड़ने का खतरा था। चौराहे पर तैनात एक ट्रैफिक सिपाही ने उसे रोक लिया और नो एंट्री का हवाला देते हुए पहले 20 हजार रुपये के चालान की बात कही। आरोप है कि इसके बाद कहा कि तीन हजार रुपये दे दो, तो चालान कैंसिल कर दिया जाएगा। चालक ने यह भी आरोप लगाया कि उसे पैर पकड़कर माफी मांगने जैसी बातें कही गईं, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गया।पीड़ित का कहना है कि उसने रुपये देने से इनकार किया और बार-बार निवेदन करता रहा कि उसे माल लेकर जाने दिया जाए, क्योंकि सामान खराब हो जाएगा। इसके बाद सिपाही ने लगभग डेढ़ किलोमीटर तक पहले पैदल और फिर बाइक से पीछा किया और वाहन को रोकने की कोशिश की। घटना के दौरान चाय की दुकान पर मौजूद लोगों ने भी स्थिति को देखा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक और पुलिसकर्मी के बीच तीखी बहस होती रही और चालक हाथ जोड़कर लगातार अनुरोध करता रहा। वहीं, आरोप है कि बाद में सिपाही चाय की दुकान पर कुर्सी पर बैठ गया। पहले उसने जेब से तंबाकू निकाला, कुछ देर रगड़ने के बाद वहीं से नो एंट्री का चालान काट दिया। इस दौरान चालक बार-बार गुहार लगाता रहा कि उसे माल लेकर जाने दिया जाए, लेकिन उसे अनुमति नहीं दी गई।इसी बीच एक अन्य डीसीएम चालक भी मौके पर पहुंचा और उसने अपने मालिक से बात कराने की कोशिश की, लेकिन उसे भी राहत नहीं मिली। एसपी ट्रैफिक अमित कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी और यदि आरोप सही पाए गए तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


