छह माह पहले बनी इंटरलॉकिंग उखाड़ी, फिर शुरू हुआ नया निर्माण
Gorakhpur News - संतकबीरनगर के बेलहर कला में दुर्गाजोत-रुदौली मार्ग पर पिछले छह महीने में इंटरलॉकिंग का कार्य कराया गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पूरी तरह सही था, लेकिन अब इसे उखाड़कर दोबारा निर्माण किया जा रहा है। इसे सरकारी धन का दुरुपयोग माना जा रहा है और विभागों के बीच समन्वय की कमी का संकेत है।
संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले के नगर पंचायत बेलहर कला में दुर्गाजोत-रुदौली मार्ग के किनारे बनी पटरी पर हाल ही में चल रहे निर्माण कार्य को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि करीब छह महीने पहले नगर पंचायत द्वारा इसी पटरी पर इंटरलॉकिंग का कार्य कराया गया था। लोक निर्माण विभाग द्वारा इसे अब उखाड़कर दोबारा निर्माण कराया जा रहा है।स्थानीय लोगों के अनुसार, इंटरलॉकिंग पटरी अभी पूरी तरह सही हालत में थी और उसमें किसी प्रकार की खराबी भी नहीं आई थी। इसके बावजूद उसे हटाकर दोबारा कार्य शुरू किया जाना सरकारी धन के दुरुपयोग की ओर इशारा करता है।
क्षेत्र में इसको लेकर लोगों के बीच चर्चाओं का बाजार गर्म है। सूत्रों का कहना है कि नगर पंचायत द्वारा हाल ही में कराए गए कार्य को बिना किसी ठोस कारण के हटाना न केवल संसाधनों की बर्बादी है, बल्कि विभागों के बीच समन्वय की कमी को भी दर्शाता है।इस संबंध में ईओ अमित सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि इंटरलॉकिंग का कार्य नगर पंचायत द्वारा कराया गया था। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जो कार्य हो रहा है, वह पीडब्ल्यूडी द्वारा कराया जा रहा है और इसमें नगर पंचायत का कोई हस्तक्षेप नहीं है। सवाल यह है कि जब हाल ही में एक ही स्थान पर कार्य कराया गया था, तो उसे उखाड़कर दोबारा निर्माण कराने की जरूरत क्यों पड़ी। अगर विभागों के बीच समन्वय होता, तो इस तरह की स्थिति से बचा जा सकता था।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


