
हिन्दुस्तान असर: संतकबीरनगर पहुंची जलकल की टीम, जल्द होगा समाधान
Gorakhpur News - संत कबीरनगर में नगर निगम के जलकल विभाग की टीम ने दूषित जलापूर्ति की जांच के लिए घरों का दौरा किया। पिछले दो महीनों से लोग दुर्गंध युक्त पानी की समस्या का सामना कर रहे हैं। जलकल विभाग ने फॉल्ट खोजने और पाइपलाइन की सफाई का आश्वासन दिया है। जल्द ही समस्या का समाधान होने की उम्मीद है।
गोरखपुर, मुख्य संवाददाता। संत कबीरनगर में शनिवार की सुबह नगर निगम के जलकल विभाग की टीम लोगों के घरों में पहुंच रही दूषित और दुर्गंध युक्त जलापूर्ति की जांच के लिए टीम पहुंच गई। अवर अभियंता सूर्यसेन मल्ल की अगुवाई में जलकल कर्मियों ने दो अलग-अलग स्थान पर सीसी सड़क तोड़ कर जलापूर्ति की मुख्य पाइप लाइन तक पहुंचे। हालांकि अभी उन्हें फाल्ट नहीं मिल सका लेकिन उम्मीद है कि एक -दो दिन में समस्या का समाधान हो जाएगा। शनिवार के अंक में आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान’ ने,‘साथ गुजर रही वॉटर लाइन-नालियां, पेयजल की शुद्धता पर खतरा’ शीर्षक से संतकबीनगर के 200 घरों में पहुंच रही दूषित जलापूर्ति की समस्या को उजागर किया था।
जलकल कर्मियों के पहुंचने पर स्थानीय नागरिक शंभूनाथ, इकबाल अली, प्रेम, असगर अली, नुजहत, नसीबन, नवाज अहमद सिद्धिकी समेत अन्य ने बताया कि पिछले दो माह से घरों में दूषित और दुर्गंध युक्त जलापूर्ति आ रही है। लोगों ने ‘हिन्दुस्तान’ अखबार का आभार जताया कि उन्होंने पूरे मामले को प्रमुखता से उठाया तो समस्या के समाधान की पहल हुई। अवर अभियंता सूर्य सेन मल्ल ने बताया कि फाल्ट खोजने के साथ नाली से गुजर रही जलापूर्ति कनेक्शन की पाइप लाइन को हटाया जाएगा। इसके अलावा ट्यूबवेल से आ रही मुख्य पाइप लाइन को भी ड्रेन कर साफ किया जाएगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि एक दो दिन में समस्या का समाधान हो जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




