एक रिक्त स्थान पर दो जेई की कर दी तैनाती
Gorakhpur News - प्रबंध निदेशक के आदेश पर देवरिया के भटवलिया उपकेंद्र के जेई का हुआ था स्थानांतरण - गोरखपुर जोन 2 के मुख्य अभियंता 25 सितंबर को जारी किए जेई के तैनाती

गोरखपुर, निज संवाददाता। बिजली निगम में एक अजीब मामला सामने आया है। जहां गोरखपुर क्षेत्र द्वितीय के मुख्य अभियंता और अधीक्षण अभियंता ने एक ही रिक्त पद पर दो अलग-अलग जेई की तैनाती के आदेश जारी कर दिए। तीन दिनों तक ये मामला चर्चा में बना रहा। हालांकि, 27 सितंबर को मुख्य अभियंता द्वारा जारी आदेश का पालन हुआ। बता दें कि 20 सितंबर को प्रबंध निदेशक कार्यालय वाराणसी से जारी आदेश के अनुसार देवरिया के भटवलिया उपकेंद्र पर तैनात अवर अभियंता शशि कांत गुप्ता का स्थानांतरण प्रवर्तन दल बस्ती के लिए किया गया था। स्थानांतरण के चार दिन बाद 24 सितंबर को देवरिया के अधीक्षण अभियंता अमित कुमार सिंह ने एक आधिकारिक आदेश जारी करते हुए जरार उपकेंद्र पर तैनात अवर अभियंता हर्ष यादव को भटवलिया उपकेंद्र पर स्थानांतरित कर दिया।
लेकिन अगले दिन 25 सितंबर को गोरखपुर क्षेत्र द्वितीय के मुख्य अभियंता पंकज अग्रवाल ने भी एक आदेश जारी किया, जिसके मुताबिक उन्होने अपने कार्यालय से संबद्ध अवर अभियंता संदीप कुमार को भी उसी उपकेंद्र पर स्थानांतरित कर दिया। जिसके बाद निगम में इस मामले को लेकर चर्चाओं का माहौल गर्म रहा। अधिकारियों में आपसी सामंजस्य को लेकर तरह तरह की अटकलें लगाई जा रही थी। इन सब के बाद 27 सितंबर को मुख्य अभियंता के आदेश का पालन हुआ और मुख्य अभियंता कार्यालय से संबद्ध अवर अभियंता संदीप कुमार भटवलिया उपकेंद्र पर कार्यभार संभाला। इस मामले को लेकर देवरिया के अधीक्षण अभियंता अमित कुमार सिंह का कहना है कि भटवलिया उपकेंद्र, देवरिया का प्रमुख उपकेंद्र है जहां तत्काल तैनाती अति आवश्यक थी, जिसके लिए जरार उपकेंद्र पर तैनात अवर अभियंता हर्ष यादव को भटवलिया उपकेंद्र पर स्थानांतरित किया गया था। लेकिन मुख्य अभियंता के आदेश जारी होने के बाद अवर अभियंता हर्ष यादव के स्थानांतरण को आधिकारिक रूप से रद किया जाएगा। वर्जन- किसी भी अभियंता के स्थानांतरित होने पर किसी अन्य अभियंता द्वारा कार्यभार संभालने के बाद स्थानांतरित अभियंता को कार्यमुक्त किया जाता है। जिसको लेकर अधीक्षण अभियंता द्वारा अवर अभियंता की तैनाती की गई थी। पंकज अग्रवाल, मुख्य अभियंता, वितरण, गोरखपुर क्षेत्र द्वितीय
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




