गोरखपुर। अजय कुमार सिंह
मुख्यमंत्री बनने के दो महीने आठ दिन में सोशल मीडिया पर योगी आदित्यनाथ की लोकप्रियता देश के कई बड़े नेताओं को टक्कर देने लगी है। फेसबुक फालोअर्स के मामले में भाजपा के मुख्यमंत्रियों में फिलहाल राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे सिंधिया को छोड़कर कोई उनका सानी नहीं है। फालोअर्स की बड़ी तादाद के लिए मशहूर रहे कांग्रेस नेता शशि थरूर भी योगी से पीछे हो गए हैं।
हालांकि ट्विटर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फणनवीस, गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के फालोअर, सीएम योगी से अधिक हैं। लेकिन आज की तारीख्ा में योगी सोशल मीडिया पर सबसे तेजी से बढ़ने वाले नेताओं में से एक हैं। 19 मार्च 2017 को उत्तर प्रदेश की कमान सम्भालते वक्त फेसबुक पर योगी के पास जहां 15259 फालोअर थे वहीं 13 अप्रैल को यह संख्या 57000 और 10 मई को 43.99 लाख हो गई। 27 मई को योगी आदित्यनाथ के फेसबुक फालोअर्स की तादाद 46.60 लाख तक पहुंच चुकी थी।
ट्विटर पर भी सीएम को फालो करने वालों की तादाद लगातार बढ़ी है। 19 मार्च को जहां 2644 फालोअर थे वहीं 13 अप्रैल को 3.20 लाख और 10 मई को 4.55 लाख फालोअर हो गए। 27 मई को ट्विटर पर 4.96 लाख लोग योगी आदित्यनाथ को फालो कर रहे थे। इसी दिन शशि थरूर के फेसबुक फालोअर्स की संख्या 8.20 लाख तो ट्विटर फालोअर्स की 53 लाख थी। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 24.30 लाख लोग फेसबुक तो 94 हजार लोग ट्विटर पर फालो कर रहे थे।
27 मई को ट्विटर पर राहुल गांधी, अखिलेश यादव और अरविंद केजरीवाल के फालोअर्स की संख्या क्रमश: 21 लाख, 32 लाख और 1.14 करोड़ थी। फेसबुक पर अखिलेश यादव को 57.58 लाख तो अरविंद केजरीवाल को 69.71 लाख लोग फालो कर रहे थे। भाजपा के मुख्यमंत्रियों में वसुन्धरा राजे सिंधिया ट्विटर पर 11.8 लाख और फेसबुक पर 76.43 लाख फालोअर्स के साथ सबसे आगे थीं।
पीएम मोदी हैं बहुत आगे
वैसे सोशल मीडिया की इस दौड़ में सबसे आगे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही हैं। फेसबुक, ट्विटर या सोशल मीडिया का कोई भी दूसरा प्लेटफार्म हो, प्रधानमंत्री की लोकप्रियता के सामने टिकना दुनिया के चंद बड़े नेताओं के लिए भी मुश्किल हो रहा है। सोशल मीडिया को गुड गर्वनेंस का बड़ा हथियार मानने वाले प्रधानमंत्री मोदी के फालोअर्स की तादाद 27 मई को फेसबुक पर 4.14 करोड़ तो ट्विटर पर 3.2 करोड़ थी।
किसके कितने फालोअर (लाख में)
नेता पद ट्विटर फेसबुक
-योगी आदित्यनाथ सीएम उत्तर प्रदेश 4.96 46.59
-वसुंधरा राजे सिंधिया सीएम राजस्थान 11.8 76.43
-मनोहर पर्रिकर सीएम गोवा 30.04 18.29
-शिवराज सिंह चौहान सीएम मध्य प्रदेश 20.45 40.12
-देवेन्द्र फणनवीस सीएम महाराष्ट्र 10.96 2.35
-अरविंद केजरीवाल सीएम दिल्ली 114 69.71
-अखिलेश यादव पूर्व सीएम उ.प्र. 32 57.58
-शशि थरूर कांग्रेस नेता 53 8.19
-ममता बनर्जी सीएम प.बंगाल 9.39 24.30
ऐसे बढ़ रहा योगी की लोकप्रियता का ग्राफ
19 मार्च 13 अप्रैल 10 मई 27 मई
फेसबुक 15259 57000 43.99 लाख 46.60 लाख
ट्विटर 2644 3.20 लाख 4.55 लाख 4.96 लाख