सीएम योगी आज करेंगे विरासत गलियारे का निरीक्षण
Gorakhpur News - गोरखपुर। मुख्य संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को पाण्डेयहाता से धर्मशाला तक निर्माणाधीन विरासत
गोरखपुर। मुख्य संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को पाण्डेयहाता से धर्मशाला तक निर्माणाधीन विरासत गलियारे का निरीक्षण करेंगे। सीएम के दौरे के मद्देनजर गुरुवार की सुबह जलकल विभाग की टीम सीवर लाइन और जलापूर्ति की नई पाइप लाइन डालने और जलापूर्ति के क्षतिग्रस्त कनेक्शन को दुरुस्त करने में जुटी रही। इसके अलावा सक्शन मशीनों से जलनिकासी बाधित होने से दूषित जल के निस्तारण में जुटी हुई थी। मिली जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 2.30 बजे सर्किट हाउस आएंगे। वहां अधिकारियों संग बैठक के बाद विरासत गलियारा के निरीक्षण के लिए निकलेंगे। पाण्डेयहाता, घंटाघर, बंधु सिंह पार्क, रेती चौक, आर्यनगर में विरासत गलियारे का निरीक्षण करेंगे।
गोयल गली होते हुए गोरखनाथ पुल पर लोकार्पण के लिए पहुंचेंगे। वहां लोकार्पण कर गोरखनाथ मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे। देर रात तक चलती रहीं तैयारियां सीएम के निरीक्षण के मद्देनजर लोक निर्माण विभाग ने जिन हिस्सों में नाला निर्माण कर लिया है, वहां 2850 मीटर में 150 एवं 200 एमएम की डीआई पाइप लाइन डालकर 400 से अधिक कनेक्शन किए जा चुके हैं। इसके अलावा गुरुवार को 27 क्षतिग्रस्त जलापूर्ति कनेक्शन की मरम्मत की गई। दूसरी ओर नार्मल पुलिस चौकी से पाण्डेयहाता की ओर 613 मीटर में सीवर लाइन डालने का काम गुरुवार की रात 7 बजे तक पूरा लिया गया। दूसरी ओर नगर निगम की गाड़ियां सड़क से मलबा हटाने में सुबह से ही जुटी थीं। यह सिलसिला गुरुवार देर रात तक जारी रहा। अफसरों ने भी किया मौके का निरीक्षण सहायक अभियंता जलकल राकेश यादव ने बताया कि गुरुवार को विरासत गलियारा रूट पर 38 प्लम्बर, 10 सुपरवाइजर, सीवर डालने में 49 कर्मचारी और 100 से अधिक मजदूर अलग-अलग कार्यों में लगाए गए थे। मौके पर सहायक अभियंता सत्येश कुमार सिंह, अवर अभियंता धीरज वर्मा, सूर्यसेन मल्ल भी अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्र, जलकल महाप्रबंधक रघुवेंद्र कुमार ने भी मौके का निरीक्षण कर जरूरी हिदायतें दीं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




