ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश गोरखपुरचुनावी रंग में सीएम, मिशन-2019 के लिए कार्यकर्ताओं को दिए ये मंत्र 

चुनावी रंग में सीएम, मिशन-2019 के लिए कार्यकर्ताओं को दिए ये मंत्र 

मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ गुरुवार को गोरखपुर क्‍लब में भाजपा के जिला और महानगर के कुल 335 सेक्‍टर प्रवासियों की बैठक में पूरी तरह चुनावी रंग में दिखे। उन्‍होंने कार्यकर्ताओं को...

चुनावी रंग में सीएम, मिशन-2019 के लिए कार्यकर्ताओं को दिए ये मंत्र 
अजय कुमार सिंह,गोरखपुरThu, 26 Jul 2018 08:44 PM
ऐप पर पढ़ें

मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ गुरुवार को गोरखपुर क्‍लब में भाजपा के जिला और महानगर के कुल 335 सेक्‍टर प्रवासियों की बैठक में पूरी तरह चुनावी रंग में दिखे। उन्‍होंने कार्यकर्ताओं को मिशन-2019 के लिए प्रचार के टिप्‍स दिए। बूथ स्‍तर पर संगठन को मजबूत करने और केंद्र-प्रदेश सरकार की योजनाओं को घर-घर ले जाने का आह़वान किया। 

मुख्‍यमंत्री ने कहा कि लोगों को योजनाओं से परिचित कराने के लिए रचनात्‍मक तरीकों  का प्रयोग किया जाना चाहिए। इसके लिए वॉल पेंटिंग, वाट़स एप, फेसबुक और घर-घर सम्‍पर्क का तरीका अपनाया जा सकता है। उन्‍होंने कार्यकर्ताओं से प्रशासन की भी मदद लेकर बड़े पैमाने पर वॉल पेंटिंग कराने का आह़वान किया और कहा कि यह पेंटिंग चुनाव के दौरान भी आयोग नहीं मिटवाएगा क्‍योंकि इसमें किसी दल नहीं सरकार की योजनाओं का प्रचार होगा। 

मुख्‍यमंत्री ने कहा स्‍वच्‍छता, शौचालय, जीवन ज्‍योति, जनधन, मुद्रा, स्किल डेवलपमेंट,स्‍टार्ट अप, स्‍टैण्‍ड अप जैसी योजनाओं के प्रचार के लिए प्रशासन की मदद लेकर स्‍लोगन प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकती हैं। दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग के जरिए लोगों का ध्‍यान आकर्षित किया जा सकता है। इससे दीवारें भी अच्‍छी दिखेंगी। योजनाओं का प्रचार भी होगा। चुनाव के समय मीडिया के कैमरे जिस ओर घूमेंगे ये पेंटिग्‍स नज़र आएंगी और लोगों को याद आ जाएगा कि भाजपा सरकार ने उनके लिए क्‍या-क्‍या किया है। 

विपक्ष पर हमलावर
मुख्‍यमंत्री विपक्ष पर खासे हमलावर रहे। उन्‍होंने सपा, बसपा, कांग्रेस, तृणमूल सहित गठबंधन की राह पर बढ़ चले पूरे विपक्ष पर नकारात्‍मक राजनीति से देश के वातावरण में जहर घोलने का आरोप लगाया। उन्‍होंने कहा कि चार साल के शासनकाल में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने देश में व्‍याप्‍त भय, भूख और गरीबी को खत्‍म करने की दिशा में तेजी से काम किया। देश, आर्थिक महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर है। 

मुख्‍यमंत्री ने कहा कि चार वर्षों में पीएम मोदी के नेतृत्‍व में दुनिया ने एक उभरते हुए भारत को देखा है। शपथ लेने के बाद ही प्रधानमंत्री ने कहा था कि हमारी सरकार देश के गांवों, गरीबों और महिलाओं के हितों के लिए काम करेगी। पूरब से लेकर पश्चिम तक हर किसी का विकास होगा। उनके आह़वान पर पहली बार देश में गरीबों के खाते खुले। जनधन खातों में 86 हजार करोड़ गरीबों ने अपने पास से जमा करा दिए। हर गरीब को निःशुल्क बिजली, गैस कनेक्शन, शौचालय, घर, सब कुछ दिया है। आज दावे के साथ कहा जा सकता है कि चप्पल पहनने वाला भी हवाई जहाज की यात्रा कर सकता है। गांव-गांव में ऑप्टिकल फाइबर लगाकर गरीबों को इंटरनेट से जोड़ा गया है। प्रदेश में भी इसी तर्ज पर काम शुरू किया गया है। सरकार ने गरीबों को आवास, शौचालय, विद्युत कनेक्शन, किसानों की योजनाओं का लाभ सीधे उनके खातों में दिया है।

गोरखपुर बना विकास का मॉडल
उन्‍होंने गोरखपुर को विकास का मॉडल बताते हुए कहा कि पहले यहां बिजली नहीं मिलती थी। इसके लिए सड़क पर आंदोलन करना पड़ता था। लेकिन  आज प्रदेश के जिले में भरपूर बिजली दी जा रही है। विकास कैसा होना चाहिए गोरखपुर इसका उदाहरण बन सकता है।

अस्‍पतालों में बेहतर हुई सुविधा 
मुख्‍यमंत्री ने कहा कि बीआरडी मेडिकल कालेज और जिला अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा के लिए युद्ध स्तर पर काम किए जा रहे हैं। जहां जिस काम की जरूरत है, वहां वह काम तेजी से कराया जा रहा है। भाजपा ने जो वायदे किये थे वो सब पूरे किए जा रहे हैं।

त्रिस्‍तरीय चुनावी रणनीति पर बल 
मुख्‍यमंत्री ने सेक्‍टर प्रवासियों की बैठक में भाजपा की त्रिस्‍तरीय चुनावी रणनीति पर प्रकाश डाला। उन्‍होंने कहा कि हर सेक्‍टर में वहां के निवासी वरिष्‍ठ कार्यकर्ता को सेक्‍टर प्रमुख या संयोजक, मंडल के कार्यकर्ता को पदाधिकारी और जिला स्‍तरीय कार्यकर्ता/ वरिष्‍ठ पदाधिकारी को प्रवासी बनाया गया है। इन तीनों की चुनाव में अग्रिम भूमिका होनी है। अभी से बूथ प्रबंधन की तैयारी करनी है। सभी को जोड़कर इस अभियान को बिना भेदभाव के हर जाति हर मज़हब तक ले जाने की आवश्यकता है।

52 लाख नागरिकों को मताधिकार दिलाएं   
योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि उत्‍तर प्रदेश में  52 लाख मतदाताओं के नाम अभी भी सूची से गायब हैं। इनके नाम जुड़वाने के अलावा पिछली सरकार में बढ़े फर्जी मतदाताओं के नाम हटवाना भी कार्यकर्ताओं का काम है। साथ में
मतदान बूथों के बारे में भी जांच करनी होगी। अक्सर लोगों का नाम दूर-दराज के बूथों पर डाल दिया जाता है जिससे वह अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं कर पाते। 

भाजपा ही है दलितों-पिछड़ों की सच्‍ची हितैषी
मुख्‍यमंत्री ने कहा कि जो हताश और निराश हैं, जिनको जनता ने ठुकरा दिया है वो आज अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं। वो कहते हैं कि भाजपा दलित और पिछड़ा विरोधी है लेकिन उनको जानकारी होनी चाहिए कि सिर्फ इसी पार्टी में किसी दलित-पिछड़े का बेटा प्रधानमंत्री या राष्‍ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है। अन्‍य सभी दल किसी एक व्‍यक्ति या परिवार तक सीमित हैं। 

बूथ प्रबन्‍धन से ध्‍वस्‍त होगा गठबंधन
कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए मुख्‍यमंत्री ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का बूथ प्रबंधन सभी पार्टियों के गठबंधन को ध्वस्त कर सकता है। पहली से 30 अगस्त तक ग्रामीण स्वच्छता सर्वेक्षण होने जा रहा है। इस अभियान को कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाना है। सरकार 15 अगस्त से प्लास्टिक के कप-गिलास, प्लेट-चम्मच पर भी रोक लगाने जा रही है। प्लास्टिक पर्यावरण ही नहीं मानव जाति के लिए भी खतरनाक है। इससे 14 तरह के कैंसर होते हैं। लोग शॉर्टकट के चक्कर में इन बीमारियों को अपना रहे हैं। 15 अगस्त से पौधरोपण का अभियान चलने जा रहा है। कार्यकर्ताओं को इसमें भी बढ़चढ़कर भागीदारी करनी होगी। अगले महीने क्षेत्रीय स्तर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष की मीटिंग होनी है। सभी बूथ अध्‍यक्षों को अपने 10-12 सदस्‍यों की टीम के साथ उसमें शामिल होना है। 

प्रदेश में बढ़ा निवेशकों का विश्‍वास 
मुख्‍यमंत्री ने कहा कि 15 महीने पहले उत्‍तर प्रदेश, पूरे देश में बदनाम हो चुका था लेकिन अब लोगों का विश्वास बढ़ा है। उद्योगपति यहां निवेश कर रहे हैं। प्रदेश में सुरक्षा का वातावरण बना है। 29 जुलाई को लखनऊ में प्रधानमंत्री 60 हजार करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसके तीन महीने बाद 25 से 30 हजार करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास कराएंगे। भाजपा, देश की सुरक्षा को मजबूत करते हुए उसे विश्व में एक महाशक्ति के रूप में स्थापित करने की दिशा में बढ़ रही है। 
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें