Gorakhpur News: कबाड़ से बनाई उपयोगी कलाकृतियां, बच्चों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
Gorakhpur News: गोरखपुर के कार्मल स्कूल में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए विद्यार्थियों को जागरूक करने एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। डॉ. शबाना सरवर ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। विद्यार्थियों ने कबाड़ से मॉडल बनाकर रचनात्मकता दिखाई। प्रधानाचार्या ने स्वच्छता और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए सक्रियता से योगदान देने की अपील की।

Gorakhpur News: गोरखपुर, निज संवाददाता। कार्मल स्कूल, सिविल लाइंस में शनिवार को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए आयोजित विशेष कार्यक्रम का उद्घाटन लिंकन पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ. शबाना सरवर ने किया। इसके बाद बच्चों और शिक्षिकाओं ने प्रार्थना व भजन प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसमें कक्षा एक से पांच तक के विद्यार्थियों ने कबाड़ और अनुपयोगी वस्तुओं से आकर्षक व उपयोगी मॉडल तैयार कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाई। पुराने कागज, प्लास्टिक की बोतलों, कार्डबोर्ड, पुरानी सीडी, चूड़ियों और अन्य पुन: उपयोग योग्य सामग्री से बनी कलाकृतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। प्रधानाचार्या ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए स्वच्छता अपनाने, प्लास्टिक का कम उपयोग करने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आज की छोटी-सी पहल ही कल के स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य की नींव बनेगी।इस अवसर पर मैनेजर सिस्टर सैंड्रा ए.सी., प्रधानाचार्या सिस्टर अलजीरा एसी, कार्मल इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या सिस्टर सैलिटा एसी, उपप्रधानाचार्या सिस्टर ए. रूल एसी और प्राइमरी कोऑर्डिनेटर सिस्टर अनीता एसी सहित अन्य शिक्षक, शिक्षिकाएं, विद्यार्थी, अभिभावक उपस्थित रहे।


