
शादी से पहले गहने, नकदी लेकर युवती फरार
Gorakhpur News - हरपुर बुदहट के एक गांव में शादी से पहले एक लड़की लापता हो गई। मां ने आरोप लगाया कि गांव के युवक ने उसे बहला-फुसलाकर भगा लिया। लड़की 21 दिसंबर को शादी करने वाली थी, लेकिन 18 दिसंबर की रात वह युवक के साथ फरार हो गई। परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
हरपुर बुदहट, हिन्दुस्तान संवाद। हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के एक गांव के परिवार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब शादी से ठीक पहले बेटी लापता हो गई। पीड़ित मां ने गांव के एक युवक पर बेटी को बहलाफुसला कर भगा ले जाने का मुकदमा रविवार को हरपुर बुदहट थाने में दर्ज कराया है। आरोप है कि जाते समय बेटी नकदी और जेवरात भी साथ ले गई है। मां का आरोप है कि उनकी बेटी को गांव का ही एक युवक बहला-फुसलाकर भगा ले गया। पीड़ित के अनुसार उनकी बेटी की बारात 21 दिसंबर 2025 को आने वाली थी।
लेकिन 18 दिसंबर की रात करीब तीन बजे गांव निवासी रोहित मौर्य पुत्र राम मूरत उनकी बेटी को लेकर फरार हो गया। आरोप है कि युवक बेटी के लिए खरीदे गए करीब 2 लाख 20 हजार रुपये के जेवर भी साथ ले गया। परिवार ने बताया कि घर में एक और शादी 20 दिसंबर को होनी थी, जिसके लिए अलग से जेवर और नकदी रखी गई थी। दोनों शादियों के लिए जमा की गई लगभग साढ़े पांच लाख रुपये की रकम और जेवर लेकर आरोपी फरार हो गए। परिजनों का कहना है कि उन्होंने रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। परेशान परिजनों ने केस दर्ज कराया है। थानाध्यक्ष विवेक मिश्रा ने बताया कि आरोपी रोहित मौर्य पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




