
लूट कर भाग रहे बदमाशों को सात किमी दौड़ाकर पकड़ा
Gorakhpur News - फोटो गगहा थाना क्षेत्र के गरयाकोल-रियांव चौराहे के पास वारदात, दो आरोपी फरार बाइक
गगहा, हिन्दुस्तान संवाद। गगहा इलाके के गरयाकोल-रियांव रोड पर मोबाइल फोन लूट कर भाग रहे दो लुटेरों को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। साहस दिखाते हुए करीब सात किलोमीटर तक पीछा कर ग्रामीणों ने पीछा किया था। दोनों की पिटाई करने के बाद ग्रामीणों ने आरोपियों को पुलिस को सुपुर्द कर दिया। हालांकि, इस दौरान दो अन्य लुटेरे मौका पाकर भाग निकले। पुलिस ने सोमवार को केस दर्ज कर पकड़े गए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। आरोपियों की पहचान चौरीचौरा थाना क्षेत्र के डुमरीखास निवासी मुलायम निषाद उर्फ नितेश निषाद व गोरखनाथ थाना क्षेत्र के कौड़ियहवा नथमलपुर निवासी आहिब अंसारी के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, गरयाकोल गांव के पूर्व प्रधान धुपई पासवान का रियांव चौराहे के पास खेत है। रविवार की शाम उनका नाती विशाल खेत की ओर जंगली जानवरों को भगाने जा रहा था। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार युवक गरयाकोल गांव की ओर से आए और विशाल से बड़हलगंज जाने का रास्ता पूछने लगे। आरोप है कि बातचीत के दौरान गमछे से मुंह बांधे एक युवक बाइक से उतरा और विशाल के हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद चारों बदमाश हाटा की ओर भाग निकले। घटना से घबराए विशाल ने पास ही चौराहे के समीप मकान बनाकर रह रहे रियांव गांव के ग्रामीणों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने शोर मचाया और चारपहिया वाहन से लुटेरों का पीछा शुरू कर दिया। हाटाबाजार स्थित शराब ठेके के पास ग्रामीणों ने दो बदमाशों को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर तलाशी ली, जिसमें एक के पास से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद हुआ। प्रभारी निरीक्षक अंजुल चतुर्वेदी ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




