
बीएमटी क्रिकेट अकादमी की शानदार जीत
संक्षेप: Gorakhpur News - गोरखपुर में आयोजित इंटर क्लब क्रिकेट लीग 2025-26 के मुकाबले में बीएमटी क्रिकेट अकादमी ने एवरबॉन्ड को 67 रनों से हराया। बीएमटी ने 149 रन बनाये, जबकि एवरबॉन्ड की टीम मात्र 82 रन पर ढेर हो गई। धीरज ने 35 रन बनाकर और 3 विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता।
गोरखपुर, निज संवाददाता मंडल क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित इंटर क्लब क्रिकेट लीग 2025-26 (ए डिवीजन) के लीग मुकाबले में बीएमटी क्रिकेट अकादमी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए एवरबॉन्ड की टीम को 67 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। यह मुकाबला एनई रेलवे ग्राउंड, गोरखपुर में खेला गया। एवरबॉन्ड की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बीएमटी क्रिकेट अकादमी ने निर्धारित 35 ओवरों में 9 विकेट खोकर 149 रन बनाए। शुरुआत में टीम का टॉप ऑर्डर लड़खड़ा गया और शुरुआती तीन विकेट छह रन के भीतर गिर गए। मिडिल ऑर्डर में अटल मणि त्रिपाठी ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में 44 रन बनाए, जिसमें कई बेहतरीन चौके-छक्के शामिल रहे।

उनके साथ धीरज ने 35 रन की उपयोगी पारी खेली और अंत तक संघर्ष किया। निचले क्रम के बल्लेबाजों ने टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। एवरबॉन्ड की ओर से अरुण पाल ने 7 ओवर में 31 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि ऋतिक ने 2 ओवर में मात्र 2 रन देकर 1 विकेट चटकाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एवरबॉन्ड की टीम बीएमटी के तेज और सटीक गेंदबाजी आक्रमण के सामने टिक नहीं सकी। पूरी टीम मात्र 82 रन पर ढेर हो गई। कप्तान अरमान खान ने 16 रन और शिवम शुक्ला ने 17 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी करने में असफल रहे। बीएमटी क्रिकेट अकादमी की ओर से सत्यम सिंह (कप्तान) ने 6 ओवर में 27 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि धीरज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 7 ओवर में 22 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। धीरज को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए खेल प्रमोटर शशांक द्वारा मैन ऑफ द मैच दिया गया। उन्होंने बल्ले से 35 रन बनाए और गेंद से तीन महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




