ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश गोरखपुर25 सितम्बर से नए आलीशान वॉर रूम में भाजपा

25 सितम्बर से नए आलीशान वॉर रूम में भाजपा

भाजपा, उपचुनाव में भले सपा-बसपा से बाजी हार गई हो लेकिन 2019 में किलेबंदी में अभी से जुट गई है। चुनावी राजनीति के लिए सबसे जरूरी माने गए चार ‘क’, कार्यकर्ता, कार्यालय, कोष और कार्यक्रमों...

25 सितम्बर से नए आलीशान वॉर रूम में भाजपा
अजय कुमार सिंह ,गोरखपुर Sun, 08 Apr 2018 11:57 AM
ऐप पर पढ़ें

भाजपा, उपचुनाव में भले सपा-बसपा से बाजी हार गई हो लेकिन 2019 में किलेबंदी में अभी से जुट गई है। चुनावी राजनीति के लिए सबसे जरूरी माने गए चार ‘क’, कार्यकर्ता, कार्यालय, कोष और कार्यक्रमों को नए सिरे से कसौटियों पर कसा जा रहा है। इसी क्रम में पं. दीनदयाल उपाध्याय के जन्मदिवस यानी 25 सितम्बर को पार्टी खोराबार के रामपुर में बन रहे अपने नए आलीशान वॉर रूम में शिफ्ट हो जाएगी। 

तैयारी
2019 के रण के लिए तैयार हो रहा नया ‘दुर्ग’
सपा, बसपा, कांग्रेस को यहीं से चुनौती देगी भाजपा  
सबसे आलीशान बन रहा भाजपा का कार्यालय 

भाजपा का बेनीगंज कार्यालय भी अन्य प्रमुख राजनीतिक दलों के मुकाबले कहीं बड़ा और आलीशान है लेकिन खोराबार के रामपुर में तैयार हो रहे नए कार्यालय की बात ही कुछ और है। करीब डेढ़ साल पहले भाजपा के नाम खरीदी गई कुल करीब साढ़े 13 हजार वर्गफीट जमीन में से 3700 वर्ग फीट पर निर्माण हो रहा है। भूतल मिलाकर चार मंजिलें होंगी। 
क्षेत्रीय महामंत्री संगठन शिवकुमार पाठक के शब्दों में, ‘महानगर, जिला, क्षेत्र के अध्यक्षों के अलग-अलग कमरों के अलावा, करीब साढ़े तीन सौ की क्षमता वाला बैठक कक्ष, अत्याधुनिक लाइब्रेरी, ई-लाइब्रेरी, अतिथि कक्ष, आवास, स्टाफ रूम, आईटी रूम, कम्प्यूटर, इंटरनेट, फैक्स सहित आधुनिक राजनीति के संचालन की सारी सुविधाएं मौजूद होंगी। 

1991 से बेनीगंज में है कार्यालय 
बेनीगंज में स्थित भाजपा का वर्तमान कार्यालय 1991 में कल्याण सिंह की सरकार के समय आवंटित हुआ था। यह एक ट्रस्ट का खाली भवन था। पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र शुक्ल बताते हैं,‘तब यहां काशी प्रांत का उपकार्यालय भी था। पिपराइच से तत्कालीन विधायक और पार्टी जिलाध्यक्ष रहे लल्लन तिवारी के नाम से भवन आंवटित हुआ। इसके पहले हिन्दी बाजार में कालीमंदिर के पास एक मकान में पार्टी कार्यालय था। भाजपा का बेनीगंज कार्यालय भी सपा, बसपा और कांग्रेज के कार्यालयों के मुकाबले काफी बड़ा है। इसमें पदाधिकारियों के लिए कई कमरों के अलावा करीब 225 की क्षमता वाला बैठक कक्ष भी है। क्षेत्रीय अध्यक्ष डा.धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि नए कार्यालय के साथ ही भाजपा इस पुराने कार्यालय का भी संचालन करती रहेगी।’

अन्य दलों के कार्यालय 
समाजवादी पार्टी
सपा का कार्यालय 2001-02 से पहले तमकुही कोठी मैदान स्थित एक मकान में चलता था। यह मकान पार्टी जिलाध्यक्ष दीपनारायण यादव को आवंटित था। हरिओम नगर कालोनी बनने के बाद बेतियाहाता में भवन खरीदा गया। सपा महानगर अध्यक्ष जियाउल इस्लाम ने बताया कि करीब 2500 वर्ग फीट का यह भवन लोहिया ट्रस्ट के नाम से बैनामा कराया गया। कार्यालय में जिला और महानगर इकाई के लिए दो छोटे-छोटे कमरों के अलावा दो हॉल हैं जिनकी कुल क्षमता दो सौ कुर्सियों की है। 
बहुजन समाजवादी पार्टी
बसपा का कार्यालय पहले गोलघर कालीमंदिर के पास किराए के भवन में चलता था। पूर्व जोनल कोआर्डिनेटर श्रवण कुमार निराला के मुताबिक डेढ़ दशक पहले रावत पाठशाला नार्मल के पास करीब एक हजार वर्गफीट में बने भवन में इसे शिफ्ट किया गया। नगर निगम से आवंटित इस भवन के हॉल में करीब 50 कार्यकर्ताओं की बैठक हो सकती है। 
कांग्रेस
कांग्रेस का कार्यालय पहले विजय चौराहा से आगे अलीनगर रोड पर था। मकान मालिक से 40 साल पुराना मुकदमा हार जाने के बाद उसे खाली करना पड़ा। जिलाध्यक्ष सैयद जमाल अहमद ने बताया कि वर्तमान में पादरी बाजार के पास जंगल सालिकग्राम में कैंप कार्यालय है। यह जगह उनकी पत्नी के नाम है। कार्यालय में एक कमरा और एक मीटिंग हॉल है। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें