ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश गोरखपुरलोस चुनाव के लिए भाजपा का अभियान शुरू, बाइक रैली 17 को

लोस चुनाव के लिए भाजपा का अभियान शुरू, बाइक रैली 17 को

लोस चुनाव-2019 के लिए भाजपा ने कमर कस ली है। लोकसभा और विधानसभा स्तर पर अभियानों की विस्तृत योजना तैयार है। 17 नवम्बर को लोकसभा स्तर पर मोटर साइकिल रैली, एक दिसम्बर से 15 दिसम्बर तक विधानसभा स्तर पर...

लोस चुनाव के लिए भाजपा का अभियान शुरू, बाइक रैली 17 को
हिन्दुस्तान टीम,गोरखपुरTue, 23 Oct 2018 10:27 PM
ऐप पर पढ़ें

लोस चुनाव-2019 के लिए भाजपा ने कमर कस ली है। लोकसभा और विधानसभा स्तर पर अभियानों की विस्तृत योजना तैयार है। 17 नवम्बर को लोकसभा स्तर पर मोटर साइकिल रैली, एक दिसम्बर से 15 दिसम्बर तक विधानसभा स्तर पर पदयात्रा और 26 जनवरी को कमल विकास ज्योति महाभियान चलेगा।

मंगलवार को बेनीगंज स्थित पार्टी कार्यालय पर इन अभियानों के बारे मेंे विस्तृत कार्ययोजना बनाई गई। कार्यक्रमों के संचालन के लिए प्रदेश, क्षेत्र और जिला स्तर पर पांच-पांच सदस्यों की टीम बनी है। मंगलवार की बैठक में गोरखपुर क्षेत्र के 11 जिलों के इस टीम के पांच-पांच सदस्य मौजूद थे।

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र दत्त शुक्ल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर को बहुत कुछ दिया है। गोरखपुर के आसपास के सभी जिलों को उन्होंने मेडिकल कालेज दिया। सभी सड़कें 7 मीटर चौड़ी हो रही हैं। आयुष्मान योजना के अंतर्गत बड़ी आबादी को लाभ दिया जा रहा है। इस तरह हर योजना को लेकर कार्यकर्ताओं को लोगों के बीच पहुंचना है।

उन्होंने कहा कि लोकसभा स्तर पर आयोजित मोटर साइकिल जुलूस उस क्षेत्र में टर्निंग प्वाइंट साबित होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरे मनोयोग से जुलूस में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि हर बूथ पर पांच मोटरसाइकिल वाले कार्यकर्ताओं की सूची बनी है। इन सभी कार्यकर्ताओं को 17 नवंबर के मोटरसाइकिल जुलूस में शामिल होना है।

सीएम-डिप्टी सीएम भी निकलेंगे बाइक पर

उन्होंने बताया कि रैली के दिन मुख्यमंत्री, दोनों उप मुख्यमंत्री, सभी मंत्री, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ कार्यकर्ता भी मोटरसाइकिल पर नज़र आएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बाइक पर झंडा लगाकर बूथ से निकलने का आह्वान किया। क्षेत्रीय अध्यक्ष डा.धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि 2019 में प्रधानमंत्री मोदी को रोकने की साजिश पार्टी कार्यकर्ता सफल नहीं होने देंगे।

उन्होंने कहा कि हमारे अभियान लोगों से हमें जोड़ेंगे। उन्होंने बताया कि एक दिसम्बर से 15 दिसम्बर तक चलने वाली पदयात्रा में कार्यकर्ता विधानसभा स्तर पर छह टोलियों में निकलेंगे। एक टोली में 25 कार्यकर्ता होंगे। हर टोली का एक नायक होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर घर में जनसम्पर्क का आह्वान किया।

प्रदेश मंत्री और कार्ययोजना के सदस्य अमरपाल मौर्य ने कहा कि पांच स्तरीय कार्यकर्ता लोकसभा चुनाव संचालन के लिए बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। रैली में 10 हजार मोटरसाइकिलों को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। हर मोटरसाइकिल पर पीछे एक व्यक्ति बैठा होगा। 20 हजार की संख्या इक्ट्ठा करने का लक्ष्य है। इसके लिए मंडल स्तर पर भी बाइक प्रमुख बनाया जाएगा ।

उन्होंने बताया कि 26 जनवरी को कमल विकास ज्योति महाअभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता बूथों के लाभार्थियों के बीच जाएंगे। उनके घर दीपक जलाएंगे। एक प्रकार से दीपावली जैसा माहौल 26 जनवरी की शाम को होगा। यह कार्यक्रम एक साथ पूरे प्रदेश में चलेगा। बैठक का संचालन क्षेत्रीय मंत्री विश्वजीताशु सिंह आशु ने किया।

इस मौके पर मुख्य रूप से युवा मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय मंत्री शिव भूषण सिंह, जितेंद्र राव, गोविंद माधव, अजय तिवारी, वृंदा कुशवाहा, नरेंद्र तिवारी चंचल, बृजेश मणि मिश्र, अमृतलाल भारती, इंद्रमणि उपाध्याय, प्रबल प्रताप शाही, अमरेश यादव, कृष्ण पाल सिंह, राधेश्याम पांडेय और रजनीश उपाध्याय मौजूद थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें