ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश गोरखपुरदिल्ली-लखनऊ छोड़िए, घर-घर मतदाताओं को जोड़िए : बंसल

दिल्ली-लखनऊ छोड़िए, घर-घर मतदाताओं को जोड़िए : बंसल

लोकसभा चुनाव संचालन समिति की बैठक में प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने कार्यकर्ताओं-पदाधिकारियों-जनप्रतिनिधियों के लिए जनवरी तक के कार्यक्रम तय किए। उन्हें हर बूथ पर जीत का लक्ष्य सौंपा। पांच, छह...

दिल्ली-लखनऊ छोड़िए, घर-घर मतदाताओं को जोड़िए : बंसल
हिन्दुस्तान टीम,गोरखपुरThu, 04 Oct 2018 02:25 PM
ऐप पर पढ़ें

लोकसभा चुनाव संचालन समिति की बैठक में प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने कार्यकर्ताओं-पदाधिकारियों-जनप्रतिनिधियों के लिए जनवरी तक के कार्यक्रम तय किए। उन्हें हर बूथ पर जीत का लक्ष्य सौंपा। पांच, छह और सात अक्तूबर को वोटर पर्ची के साथ घर-घर पहुंचकर अपने मतदाताओं को जोड़ने और बोगस मतदाताओं को सूची से बाहर कराने का आह्वान भी किया। सांसदों-विधायकों से कहा कि अभियान के तीन दिन बैठकों में भाग लेने के लिए भी दिल्ली-लखनऊ न जाएं। उन्होंने चुनाव संचालन समिति के सदस्यों से संगठन की रचना, बूथ समिति के गठन, मतदाता सूची और सदस्यता अभियान की समीक्षा करते रहने को कहा।

दशहरा से दीपावली के बीच हर विस में पदयात्रा

प्रदेश महामंत्री संगठन ने दशहरा से दीपावली के बीच हर विधानसभा क्षेत्र में 150 कार्यकर्ताओं द्वारा 150 किमी पदयात्रा के कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह पदयात्रा विधानसभा क्षेत्र के सभी गांवों में पहुंचकर भाजपा की नीतियों का प्रसार करेगी। 31 अक्तूबर को सरदार पटेल की जयंती पर ‘रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम जगह-जगह आयोजित किए जाएंगे।

जनप्रतिनिधियों को तीन बूथ पर जाना जरूरी

सुनील बंसल ने कहा कि 5, 6 व 7 अक्टूबर को आयोजित सघन मतदाता पुनरीक्षण अभियान में सभी जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों को जुटना होगा। जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों को कम से कम तीन बूथ पर जाना अनिवार्य होगा।

नवंबर अंत में निकलेगी बाइक रैली

प्रदेश महामंत्री संगठन ने कहा कि मतदाताओं को केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए नवंबर के अंत में प्रदेश के सभी 80 लोस क्षेत्रों में एक दिवसीय बाइक रैली निकाली जाएगी। रैली में प्रदेश के मंत्री, जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी बढ़चढ़ कर हिस्सा लेंगे। किसी एक स्थान पर मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें