बैंककर्मी की पत्नी फंदे से लटकी मिली, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Feb 13, 2026 06:25 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गोरखपुर
share Share
Follow Us on

Gorakhpur News - गोरखपुर में तिवारीपुर थाना क्षेत्र के दुर्गाबाड़ी रोड पर एक बैंककर्मी की पत्नी काजल सोनकर का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। दंपति की एक वर्ष की बेटी भी है।

बैंककर्मी की पत्नी फंदे से लटकी मिली, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

गोरखपुर के तिवारीपुर थाना क्षेत्र के दुर्गाबाड़ी रोड स्थित एक मकान में गुरुवार शाम बैंककर्मी की पत्नी का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद पहुंचे मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। जानकारी के मुताबिक, दुर्गाबाड़ी रोड निवासी विनय सागर की शादी तीन वर्ष पूर्व गोरखनाथ क्षेत्र की काजल सोनकर (30) से हुई थी। विनय सागर शहर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में क्लर्क पद पर कार्यरत हैं। दंपति की एक वर्ष की बेटी है। परिवार में विनय की मां और बहन भी साथ रहती हैं।

उनके पिता नंद किशोर का पहले ही निधन हो चुका है। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह विनय सागर बैंक के लिए निकल गए थे। शाम करीब पांच बजे काजल का शव उनके कमरे में फंदे से लटका मिला। यह देखकर परिवार की एक सदस्य ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर सीओ कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी, तिवारीपुर थाना प्रभारी पंकज सिंह और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस ने जांच-पड़ताल कर शव को नीचे उतरवाया और साक्ष्य एकत्रित किए। इस बीच काजल की मां, चाचा समेत मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए और ससुराल पक्ष पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया। आरोप है कि घटना के समय घर पर सास और पति मौजूद नहीं थे। मायके वालों ने हंगामा किया और एक वर्ष की बच्ची को अपने साथ ले गए। काजल के चाचा रामआशीष ने आरोप लगाया कि गला कसकर हत्या की गई है। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। थाना प्रभारी पंकज सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsUttar-pradesh NewsGorakhpur NewsBank Employee s Wife Found Dead in Gorakhpur Family Alleges Murder
;;
;