फूडकोर्ट फ्रेंचाइजी के नाम पर 1.58 करोड़ की ठगी, युवती गिरफ्तार

Feb 27, 2026 09:17 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गोरखपुर
share Share
Follow Us on

Gorakhpur News - वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में फूडकोर्ट की फ्रेंचाइजी के नाम पर 1.58 करोड़ रुपये की ठगी में शामिल महाराष्ट्र के नंदुरबार निवासी काजल निलेश कुमार दवे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने भुगतान के बदले नजीर फूड्स, बास्किन-रॉबिन्स, हाउस ऑफ कैंडी जैसे नामी ब्रांड्स के फर्जी दस्तावेज दिखाए थे।

फूडकोर्ट फ्रेंचाइजी के नाम पर 1.58 करोड़ की ठगी, युवती गिरफ्तार

वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में फूडकोर्ट की फ्रेंचाइजी के नाम पर 1.58 करोड़ रुपये की ठगी में शामिल महाराष्ट्र के नंदुरबार निवासी काजल निलेश कुमार दवे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसने झारखंड के टाटानगर निवासी विभांशु वैभव मिश्रा के साथ मिलकर निजी कंपनी से यह राशि हड़पने की कोशिश की थी। मुख्य आरोपी विभांशु को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। जानकारी के मुताबिक, पीड़ित कंपनी मेसर्स अदीप लीजर प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंधक शुभम बथवाल ने बताया कि कंपनी ने वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की लीज मेसर्स ई-बायोस्कोप इंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड से ली थी।

योजना थी कि परिसर में नौका विहार, रेल विहार और अन्य मनोरंजन सुविधाओं के साथ एक आधुनिक फूडकोर्ट विकसित किया जाएगा। फूडकोर्ट संचालन के लिए 13 अक्तूबर 2024 को मेसर्स वीवीएम-21 हॉस्पिटैलिटी ओपीसी प्राइवेट लिमिटेड के मालिक विभांशु वैभव मिश्रा के साथ लेटर ऑफ इंटेंट और फूडकोर्ट लीज एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए गए। इसके बाद पीड़ित कंपनी ने कुल 1.58 करोड़ रुपये का भुगतान किया। आरोपी ने भुगतान के बदले नजीर फूड्स, बास्किन-रॉबिन्स, हाउस ऑफ कैंडी, रोल्स सिंह, द बेल्जियन वफल कंपनी, फ्लेवर्स ऑफ लखनऊ, और एनएस फूड्स जैसे नामी ब्रांड्स के फर्जी दस्तावेज दिखाए।

जब पीड़ित कंपनी ने सीधे ब्रांड्स से संपर्क किया, तो पता चला कि कोई भी ब्रांड आरोपी के साथ कोई समझौता नहीं कर रहा था। आरोपी ने लगातार काम शुरू करने का भरोसा दिया, लेकिन फूडकोर्ट कभी शुरू नहीं हुआ। 13 अगस्त 2025 को आरोपी ने 44.04 लाख रुपये का चेक दिया, जो बाउंस हो गया। इसके बाद उसने 10 लाख और लिए। पुलिस ने अब ठगी में शामिल विभांशु वैभव मिश्रा की सहयोगी काजल निलेश कुमार दवे को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।