50 शिक्षकों की नियुक्ति का रास्ता साफ, अनुमति मिली
एमएमएमयूटी विवि में स्वीकृत हैं पहले से 177 पद, 50 होने से संख्या बढ़कर

गोरखपुर, कार्यालय संवाददाता। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में 50 शिक्षकों की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है। शासन ने विवि के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस नियुक्ति के बाद से शिक्षकों की संख्या बढ़ेगी और छात्र-शिक्षक का अनुपात भी सुधरेगा। माना जा रहा है कि इससे विवि की रैंकिंग में भी सुधार होगा। एमएमएमयूटी में मौजूदा समय में छह हजार से अधिक विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं। छात्रों की संख्या के अनुसार शिक्षकों की संख्या कम है। विश्वविद्यालय 177 शिक्षकों के पद स्वीकृत हैं, लेकिन रिक्तियों और सीमित नियुक्तियों की वजह से तालमेल नहीं बैठ पा रहा था।
इसे लेकर विवि ने शासन को शिक्षकों की नियुक्ति का प्रस्ताव भेजा था, जिसे शासन ने स्वीकार कर लिया है। विवि का मानना है कि इस पहले से छात्रों को राहत मिलेगी और पढ़ाई की गुणवत्ता और बेहतर होगी। बता दें कि एमएमएमयूटी में पहले से 47 शिक्षक पद रिक्त हैं, जिनके लिए आवेदन मांगे गए थे, लेकिन करीब आठ माह बाद भी चयन प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।अब शासन से स्वीकृत 50 नए पद जुड़ने के बाद कुल 97 पदों पर भर्ती की तैयारी शुरू कर दी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन नए पदों का रोस्टर तैयार करने में जुट गया है। रोस्टर प्रक्रिया पूरी होते ही विज्ञापन जारी किया जाएगा। कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा ने बताया कि शासन ने 50 नए शिक्षक पदों की स्वीकृति दी है। इस पहल से शिक्षक और छात्र अनुपात में सुधार होगा। इस स्वीकृति से राष्ट्रीय शिक्षा नीति के उद्देश्यों की पूर्ति होगी और विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में भी सुधार होगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


