उर्स-ए-पाक 15 से, सीएम योगी के विकास कार्यों को रहेगा समर्पित
Gorakhpur News - गोरखपुर में हजरत मुबारक खां का सालाना उर्स-ए-पाक 15 अप्रैल से शुरू होगा। यह उर्स इस्लामी माह शव्वाल की 26, 27 और 28 तारीख को मनाया जाता है। इस वर्ष उर्स मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकास कार्यों को समर्पित है। कार्यक्रम में जलसा, कुरआन ख्वानी और कव्वाली मुकाबले का आयोजन होगा।

गोरखपुर, निज संवाददाता। नार्मल स्थित हजरत मुबारक खां शहीद अलैहिर्रहमा का सालाना तीन दिवसीय उर्स-ए-पाक 15 अप्रैल से अदब ओ अकीदत के साथ शुरू होगा। दरगाह कमेटी के सदर इकरार अहमद ने बताया कि सैकड़ों वर्षों से यह उर्स इस्लामी माह शव्वाल की 26, 27 व 28 तारीख को परंपरागत रूप से मनाया जाता है, जो इस वर्ष 15, 16 व 17 अप्रैल को पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि उर्स के अवसर पर हर साल की तरह मेला, दीनी जलसा और दो दिनों तक कव्वाली मुकाबले का आयोजन होगा। इस वर्ष उर्स-ए-पाक को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चौमुखी विकास कार्यों को समर्पित किया गया है।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया गया कि 15 अप्रैल को रात 9 बजे भव्य जलसे का आयोजन होगा, जिसमें बिहार के मौलाना गुलाम रसूल बलियावी व मध्य प्रदेश के डॉ. रुहुल अमीन तकरीर करेंगे। भोर में गुस्ल व संदल पोशी की रस्म अदा की जाएगी। 16 अप्रैल को फज्र की नमाज के बाद कुरआन ख्वानी, सुबह 9 बजे महफिल-ए-मिलाद और दोपहर 12:15 बजे कुल शरीफ की रस्म होगी। मगरिब की नमाज के बाद मियां बाजार से सरकारी चादर व गागर का पारंपरिक जुलूस निकाला जाएगा, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए दरगाह पहुंचेगा। इशा की नमाज के बाद कव्वाली मुकाबला आयोजित होगा। 17 अप्रैल को भी फज्र के बाद कुरआन ख्वानी, सुबह महफिल-ए-मिलाद और आखिरी कुल शरीफ की रस्म अदा की जाएगी। रात में कव्वाली मुकाबले के साथ उर्स का समापन होगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


