मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक के नर्क में धकेल देगी कांग्रेस : अमित शाह
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को महराजगंज में गोरखपुर क्षेत्र के सभी 13 लोकसभा के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन को संबोधित किया। इस बीच उन्होंने सपा-बसपा गठबंधन को महामिलावट करार देकर तंज...
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को महराजगंज में गोरखपुर क्षेत्र के सभी 13 लोकसभा के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन को संबोधित किया। इस बीच उन्होंने सपा-बसपा गठबंधन को महामिलावट करार देकर तंज कसा। तीन तलाक के मसले पर कांग्रेस को भी आड़े आथों लिया। बोले कि भाजपा ने मुस्लिम महिलाओं के दर्द को महसूस कर उनके हित में तीन तलाक पर रोक के लिए कानून बनाया लेकिन कांग्रेस उसी कानून को रद करना चाहती है। असल में कांग्रेस की सोच मुस्लिम महिलाओं के प्रति ठीक नहीं है। वह फिर उन्हें उसी नर्क में धकेलना चाहती है। भाजपा ऐसा होने नहीं देगी। यह संभव होगा बूथ अध्यक्षों के बल पर।
अमित शाह तय कार्यक्रम से करीब 44 मिनट की देरी से अपराह्न 1:14 बजे जिला जेल के सामने मैदान में पहुंचे। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय भी रहे। स्वागत के बाद अपने दस मिनट के संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष ने सपा-बसपा गठबंधन को चोरों का गठबंधन करार दिया। बूथ अध्यक्षों को भाजपा का सेनापति बता जीत के लिए बूथ पर मजबूती से डटने का आह्वान किया। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपराह्न 1:34 बजे माइक संभाला। जय श्रीराम से बूथ अध्यक्षों का अभिवादन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करते हुए पार्टी के संगठन में बूथ अध्यक्षों के महत्व को बताया।
उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष संगठन की रणनीति के तहत काम करें। हम संकल्प लें कि मेरा बूथ-सबसे मजबूत। इसी संकल्प से जीत हासिल होगी। 2019 में भी भाजपा प्रचंड बहुमत से सत्ता में आएगी। योगी ने कहा कि भाजपा के शासन में जाति की दीवार दरकी है। लोग अब देश की लिए सोच रहे हैं। उन्होंने सपा-बसपा पर जाति के नाम पर हिन्दुओं को कमजोर करने का अरोप लगाया। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय पर संवैधानिक अधिकारों के हनन का आरोप लगाते हुए सवाल उठाया कि आखिर वहां दलितों और पिछड़ों को आरक्षण क्यों नहीं दिया जाता। प्रवेश से लेकर नौकरी तक इन्हें कोई वरीयता क्यों नहीं मिलती। इस पर उन्होंने सपा, बसपा और कांग्रेस से सवाल भी पूछा। कहा कि आखिर विपक्षी दल अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से दलितों और पिछड़ों को महरूम रखने पर चुप क्यों हैं? योगी ने सुरक्षा व्यवस्था में अहम भूमिका निभाने वाले चौकीदारों और रसोइयों का मानदेय बढ़ाने की घोषणा की।
अपराह्न 1:50 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बसपा-सपा गठबंधन के साथ ही कांग्रेस को निशाने पर लिया। कहा कि कांग्रेस मुस्लिम महिलाओं का हित नहीं चाहती। वह उन्हें फिर उसी नर्क में भेजना चाहती है। लेकिन उसकी मंशा पूरी नहीं होने वाली। वह न सत्ता में आएगी और न ही तीन तलाक कानून समाप्त कराएगी। बूथ अध्यक्षों का उत्साह देख उन्होंने 74 प्लस का नारा दिया। बोले कि इस बार प्रदेश से योगी जी के नेतृत्व में भाजपा 74 सीटों से अधिक पर जीत दर्ज करेगी। गठबंधन और कांग्रेस का फिर सफाया होगा। शाह ने कहा कि भाजपा के एजेंडे में राष्ट्र पहले है। इसीलिए हम कश्मीर से कन्याकुमारी तक घुसपैठियों को तलाश कर बाहर भागाएंगे। लेकिन यह सब सपा, बसपा और कांग्रेस को ठीक नहीं लग रहा। विपक्षी दल इन्हीं घुसपैठियों को वोट के रूप में इस्तेमाल करना चाहते हैं। लेकिन भाजपा ऐसा होने नहीं देगी। सम्मेलन अपराह्न 2:14 बजे संपन्न हुआ। इसके बाद अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष जौनपुर के लिए रवाना हो गए।