Gorakhpur News: श्रवण बाधित बच्चों को बोलना सिखाने का नया मॉडल विकसित करेगा एम्स
Gorakhpur News: एम्स का ईएनटी विभाग आईसीएमआर की मदद से 7.78 करोड़ रुपये की शोध परियोजना पर काम कर रहा है, जो 2028 तक पूरी होगी। चार क्षेत्रों में बच्चों की सुनने की क्षमता, भाषा विकास और प्रशिक्षण सुविधाओं का आकलन किया जाएगा। अध्ययन से शुरुआती पहचान, प्रशिक्षण और पुनर्वास के लिए स्थानीय जरूरतों के अनुरूप सामुदायिक मॉडल विकसित करने का प्रयास होगा।

Gorakhpur News: गोरखपुर, कार्यालय संवाददाता। श्रवण बाधित बच्चों की समय रहते पहचान कर उन्हें बोलना और संवाद करना सिखाने के लिए एम्स नया मॉडल विकसित करेगा। इसके लिए संस्थान का नाक, कान और गला (ईएनटी) विभाग 7.78 करोड़ रुपये की शोध परियोजना पर काम कर रहा है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की मदद से चलने वाला यह अध्ययन 2028 तक पूरा किया जाएगा। इसमें चार क्षेत्रों में बच्चों की सुनने की क्षमता, भाषा विकास और उन्हें दी जाने वाली प्रशिक्षण सुविधाओं का आकलन किया जाएगा। शोध का मुख्य उद्देश्य ऐसा सामुदायिक मॉडल विकसित करना है, जिससे बच्चों में सुनने की समस्या का समय रहते पता लगाया जा सके और उनकी जरूरत के अनुसार बोलने तथा भाषा सीखने का प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा सके। शोध में उन बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिनकी सुनने की क्षमता जन्म से या बचपन के शुरुआती वर्षों में प्रभावित होती है। विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसे बच्चों की समय पर पहचान और उचित प्रशिक्षण से उनकी बोलने, अपनी बात समझाने तथा दूसरों से संवाद करने की क्षमता बेहतर हो सकती है। इससे उनकी पढ़ाई और सामाजिक विकास में भी मदद मिल सकती है।
बच्चों की सुनने और भाषा क्षमता का होगा आकलन
अध्ययन में केवल आंकड़ों के आधार पर निष्कर्ष नहीं निकाले जाएंगे, बल्कि बच्चों और उनके परिवारों के अनुभवों को भी समझा जाएगा। इसके लिए मिश्रित पद्धति अपनाई जाएगी। इसमें समुदाय स्तर पर बच्चों की जांच, जरूरत पड़ने पर उन्हें विशेषज्ञों तक पहुंचाने की व्यवस्था, भाषा एवं वाणी का प्रशिक्षण और पुनर्वास सेवाओं की प्रभावशीलता का मूल्यांकन किया जाएगा।
अन्य क्षेत्रों में लागू हो सकेगा मॉडल
दूसरे क्षेत्रों में भी लागू हो सकेगा मॉडल
शोध के निष्कर्षों के आधार पर ऐसा मॉडल तैयार करने का प्रयास होगा, जिसे बच्चों की जरूरतों और स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप अपनाया जा सके। इससे श्रवण बाधित बच्चों की शुरुआती पहचान, प्रशिक्षण और पुनर्वास सेवाओं को अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। भविष्य में इस मॉडल को देश के अन्य क्षेत्रों में लागू करने की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी।
एम्स निदेशक ने शोध के उद्देश्य पर कही यह बात
निदेशक, एम्स डॉ. विभा दत्ता ने कहा, एम्स सामाजिक मुद्दों को ध्यान में रखकर काम कर रहा है। इसी कड़ी में श्रवण बाधित बच्चों के विकास के लिए यह शोध किया जा रहा है। इसके परिणाम के आधार पर नया माडल विकसित होगा, जो उन्हें बोलने से लेकर संवाद करना सिखाएगा।


