
अधिकारी कार्यशैली सुधारें अन्यथा बाहर होंगे : कृषि मंत्री
Gorakhpur News - गोरखपुर में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि पिछले साल के मुकाबले उर्वरक की उपलब्धता दोगुनी है, लेकिन वितरण में कमी को उनकी अकर्मण्यता बताया। उन्होंने अधिकारियों को कार्यशैली सुधारने और कार्रवाई के लिए तैयार रहने की चेतावनी दी। धान खरीद की धीमी प्रगति पर भी नाराजगी जताई।
गोरखपुर, मुख्य संवाददाता। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि पिछले साल 10 नवंबर को जितनी डीएपी और एनपीके गोरखपुर समेत सूबे के 75 जनपदों में उपलब्ध थी, उसका दोगुना आज जनपदों में उपलब्ध है। लेकिन उसके बाद भी हम किसानों में वितरण नहीं करा पा रहे हैं तो हमारी अकर्मण्यता है। उन्होंने डीएम और सीडीओ से कहा कि अपनी कार्यशैली की समीक्षा करें और तत्काल सुधार करें अन्यथा बाहर किए जाएंगे। वहीं, धान खरीद की धीमी प्रगति पर गोरखपुर और आजमगढ़ मण्डल के संभागीय खाद्य नियंत्रक (आरएफसी) के खिलाफ कड़ी नाराजगी व्यक्त की। सोमवार को हुई संयुक्त मण्डलीय रबी उत्पादकता गोष्ठी में अनुपस्थित दोनों अधिकारियों के खिलाफ मंच से ही कार्रवाई के लिए निर्देश दिए।
एनेक्सी भवन में आजमगढ़, गोरखपुर और बस्ती मंडल की रबी उत्पादकता गोष्ठी में कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किसानों के हित में निरंतर सक्रिय हैं। इससे प्रदेश के 75 जनपदों में आज पिछले साल के 02 लाख टन के मुकाबले 04 लाख टन डीएपी, 2.47 लाख टन के सापेक्ष 4.28 लाख टन एनपीके, सिंगल सुपर फास्फेट 2.66 लाख टन के सापेक्ष 2.81 लाख टन और पोटाश 75 हजार टन के सापेक्ष 89 हजार टन उपलब्ध है। उर्वरक पर्याप्त होने के बाद भी वितरण नहीं कर पा रहे तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें। सुझाव दिया कि मुख्य विकास अधिकारी हर दिन एआर को-आपरेटिव और जिला कृषि अधिकारी को बैठाएं प्रतिदिन खाद-बीज की समीक्षा करें। कहा कि संबंधित अधिकारियों से कहा कि अपनी कार्य पद्धति में सुधार करें। आपके क्रिया कलाप से सरकार बदनाम होती है, तो यकीन मानिए समाज कल्याण विभाग की तर्ज पर स्क्रीनिंग कर बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। कृषि निदेशक हर दिन चार केंद्रों का निरीक्षण करें कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि खाद और बीज की कोई कमी नहीं है। हर दिन उप कृषि निदेशक और संयुक्त कृषि निदेशक चार-चार वितरण केंद्रों का निरीक्षण कर सुनिश्चित कराएं कि खाद और बीज किसानों को उपलब्ध हों। ओवर रेटिंग और टैगिंग नहीं होनी चाहिए। उन्होंने नाराजगी व्यक्त किया कि गोरखपुर मण्डल के स्वीकृत 409 क्रय केंद्र के सापेक्ष सिर्फ 88, आजमगढ़ के 172 क्रय केंद्र के सापेक्ष 07 और बस्ती मण्डल में 154 क्रय केंद्र के सापेक्ष सिर्फ 08 क्रय केंद्र पर खरीद हो रही है। बस्ती मण्डल के आरएफसी के सफाई देने पर उन्होंने फटकार लगाई। कहा कि अब तक 71 टन आपने खरीदा है, मुझे मत समझाइए! कृषि मंत्री का सख्त रुख, तीन अफसरों पर गाज कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सोमवार को सर्किट हाउस में बीज और उर्वरक वितरण की समीक्षा बैठक में खराब प्रदर्शन पर सख्त रुख अपनाते हुए सहायक निबंधक सहकारी समितियां देवरिया, जिला कृषि अधिकारी सिद्धार्थनगर और बस्ती को स्क्रीनिंग कर सेवा से बाहर करने के निर्देश दिए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




