ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश गोरखपुर36 बूथों पर 7684 लोगों को लगा टीका

36 बूथों पर 7684 लोगों को लगा टीका

कोविड टीकाकरण सोमवार को सीमित बूथों पर हुआ टीकाकरण 5863 लोगों को लगी पहली डोज

36 बूथों पर 7684 लोगों को लगा टीका
हिन्दुस्तान टीम,गोरखपुरMon, 02 Aug 2021 09:40 PM
ऐप पर पढ़ें

कोविड टीकाकरण

- सोमवार को सीमित बूथों पर हुआ टीकाकरण

- 5863 लोगों को लगी पहली डोज

- 1821 लोगों को लगी दूसरी डोज

गोरखपुर। वरिष्ठ संवाददाता

कोविड टीकाकरण के महाअभियान से एक दिन पूर्व वैक्सीनेशन की रफ्तार बेहद धीमी रही। सोमवार को जिले में सिर्फ 36 बूथों पर टीकाकरण हुआ। हालांकि सोमवार को दोपहर बाद कई बूथों से टीका खत्म हो गया। इसकी वजह से शहर के लोग महिला अस्पताल और जिला अस्पताल के संक्रामक बूथ पर उमड़ पड़े। इसकी वजह से लोगों के बीच कहासुनी भी हुई।

सोमवार को 36 बूथों पर 7684 लोगों को कोविड का टीका लगाया गया। इसमें 5863 को पहली डोज और 1821 को दूसरी डोज लगाई गई। महिला अस्पताल और संक्रामक बूथ पर सुबह छह बजे से ही लोग टीका लगवाने के लिए लाइन में लगे रहे। इस बीच उनका नंबर 12 बजे के आसपास आया। इसकी वजह से महिला अस्पताल के बूथ पर लोगों के बीच जमकर कहासुनी भी हुई। पुलिस ने मामले में दखल दी इसके बाद जाकर सुचारू रुप से टीकाकरण हुआ। वही संक्रामक बूथ पर कोवैक्सीन लगवाने के लिए लोग परेशान दिखे।

इसके अलावा तारामंडल, पीएचसी चरगांवा, झरना टोला, मोहद्दीपुर, झरना टोला जैसे बूथों से दोपहर में ही वैक्सीन खत्म हो गए। इसकी वजह से सैकड़ों लोग बिना टीका लगवाए ही लौट गए। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एनके पांडेय ने बताया कि वैक्सीन जितनी आ रही है। उस अनुसार टीका लगाया जा रहा है। मंगलवार को महाअभियान के तहत टीकाकरण होगा।

महिलाएं छह घंटे इंतजार कर निराश लौटी

कैम्पियरगंज। कैम्पियरगंज स्थित बीआरसी केन्द्र पर महिलाएं टीका लगवाने सुबह सात बजे पहुंच गई। मेन गेट बंद होने से महिलाएं चहार दीवारी फांदकर अन्दर पहुंच गयी। टीकाकरण शुरू होने का इंतजार करती रही। करीब छह घंटे इंतजार करने बाद पता चला वैक्सीन नहीं है। वे निराश होकर लौट गईं।

सीएचसी के साथ ही दस गांवों में लगेगा टीका

भटहट। सीएचसी के साथ ही क्षेत्र के दस ग्राम पंचायतों में तीन अगस्त को सुबह दस बजे से शिविर लगाकर कोविड वैक्सीन लगाया जाएगा। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अश्वनी कुमार चौरसिया ने बताया कि उनके पास वैक्सीन की तीन हजार खुराक उपलब्ध हो गई है। ग्राम पंचायत कैथवलिया, परशुरामपुर, समस्तपुर मुड़िला, सिरसिया, बरगदही, जैनपुर, अमवा, बरडीहा, जमुनिया राय एवं छितौनी में टीकाकरण का आयोजन किया गया है।

आज 10 जगहों पर लगेगा टीका

खजनी। खजनी क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र समेत 10 जगहों पर मंगलवार को टीकाकरण होगा। पूर्व माध्यमिक विद्यालय रेक्सा नारा, प्राथमिक विद्यालय छताई कटघर, प्राथमिक विद्यालय कटया बाजार, प्राथमिक विद्यालय करनपुरा, पूर्व माध्यमिक विद्यालय सिसईं, नारायण इंटर कॉलेज रामपुर पांडेय, प्राथमिक विद्यालय औजी, प्राथमिक विद्यालय बढ़नी गोपालपुर एवं प्राथमिक विद्यालय घईंसरा पर टीकाकरण किया जाएगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें