ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश गोरखपुरसिर्फ दस घंटे रही बिजली, रात भर गर्मी से बिलबिलाए 50 हजार लोग

सिर्फ दस घंटे रही बिजली, रात भर गर्मी से बिलबिलाए 50 हजार लोग

देवरिया। हिन्दुस्तान टीम  शहर में बिजली आपूर्ति का बुरा हाल है। शुक्रवार की सुबह से लेकर शनिवार की सुबह तक शहर की पचास हजार आबादी को महज दस घंटे ही बिजली मिली। हालत यह रही कि शुक्रवार की पूरी...

सिर्फ दस घंटे रही बिजली, रात भर गर्मी से बिलबिलाए 50 हजार लोग
Deoria,DeoriaSat, 10 Jun 2017 01:08 PM
ऐप पर पढ़ें

देवरिया। हिन्दुस्तान टीम 
शहर में बिजली आपूर्ति का बुरा हाल है। शुक्रवार की सुबह से लेकर शनिवार की सुबह तक शहर की पचास हजार आबादी को महज दस घंटे ही बिजली मिली। हालत यह रही कि शुक्रवार की पूरी रात लोग गर्मी में बिलबिलाते रहे। बड़ी मशक्कत के बाद विभाग सुबह आठ बजे किसी तरह बिजली आपूर्ति शुरू कर पाया। 

शहर के न्यू कालोनी, गरूलपार, नेहरू नगर, चकियवां, लकड़ीहट्टा मोहल्ले की करीब पचास हजार आबादी शुक्रवार के दिन से ही बिजली को लेकर परेशान रही। दिन में नेहरू नगर व महाराजा अग्रसेन इंटर कालेज के पास का ट्रांसफार्मर जल गया। इसके चलते पूरे दिन में बिजली कटती रही। शाम को आपूर्ति ठीक से शुरू हुई तो लोगों ने थोड़ी राहत ली, लेकिन रात करीब 11 बजे बिजली फिर चली गई। बिजली जाते ही यह सभी मोहल्ले में अंधेरे में डूब गए।

कुछ देर इंतजार करने के बाद लोगों ने पता करना शुरू किया तो जानकारी हुई कि नाथ नगर उपकेन्द्र के समीप रुद्रपुर मोड पर 11 हजार का तार टूट गया। इससे न्यू कालोनी फीडर की आपूर्ति ठप हो गई। लोग बिजली के लिए कर्मचारियों और अधिकारियों को फोन करने लगे। पहले तो अभी आपूर्ति शुरू होने का आश्वासन मिला और बाद में मोबाइल ही बंद हो गए। हालत यह रही कि बिजली विभाग पूरी रात टूटे हुए तार को जोड़ नहीं हो सका और पचास हजार आबादी रात भर गर्मी में बिलबिलाती रही। सुबह कर्मचारियों के आने पर तार जोड़कर करीब आठ बजे आपूर्ति बहाल की गई।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें