
गोरखपुर में वोटर लिस्ट रिवीजन, 44 हजार नए नाम; 3.22 लाख को भेजा जाएगा नोटिस
Gorakhpur News - गोरखपुर में वोटर लिस्ट के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण 2026 में 44 हजार लोगों ने नाम जोड़ने के लिए फार्म-6 भरे हैं। वहीं, 14 हजार मतदाताओं ने संशोधन के लिए फार्म-8 भरा है। बिना मैपिंग वाले 3,22,468 मतदाताओं को नोटिस भेजने की तैयारी है। सभी को 13 दस्तावेजों में से कोई एक दस्तावेज जमा करना होगा।
वोटर लिस्ट के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण 2026 (एसआईआर) में 44 हजार लोगों ने फार्म-6 भरकर नाम बढ़ाने का दावा किया है, जबकि फार्म-7 के अंतर्गत आपत्तियां शून्य हैं। वहीं संशोधन के लिए 14 हजार मतदाताओं ने फार्म-8 भर दिया है। फार्म 6 व 8 के साथ घोषणा पत्र भरा जा रहा है, जिसमें आवेदकों को एसआईआर के अनुसार जानकारी देनी है। घोषणा पत्र नहीं भरने वाले वोटर को बिना मैपिंग वोटर की तरह जांच की जाएगी।
2025 की वोटर लिस्ट में जिनका नाम नहीं था, वे गणना प्रपत्र नहीं भर सके थे। ऐसे वोटर अब अपना नाम जोड़ने का दावा कर रहे हैं, जबकि पुराने पते पर गणना प्रपत्र भरने वाले लोगों को अपने निवास स्थान के बूथ पर वोटर बनने के लिए अवसर मिला है, ऐसे लोग फार्म-8 भर रहे हैं।वहीं किसी अपात्र वोटर को लिस्ट में शामिल होने पर लोग आपत्ति कर सकते हैं। डुप्लीकेट वोटर के मामले में आपत्तियां नहीं आ रही हैं।
वहीं, अब बिना मैपिंग वाले 3,22,468 मतदाताओं को नोटिस भेजने की तैयारी की जा रही है। उन्हें नोटिस भेजकर दस्तावेज मांगे जाएंगे। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित 13 दस्तावेजों में कोई एक दस्तावेज जमा करना होगा। इसमें उम्र के अनुसार वोटर को माता पिता या दोनों में किसी एक के दस्तावेज भी देने होंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कुमार सिंह ने बताया कि जिले में नाम बढ़ाने के 44 हजार आवेदन आए हैं, जबकि 14 हजार आवेदन संशोधन के लिए आए हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




