
वाहेगुरु नाम का जाप करते धूमधाम से निकाली यात्रा
Gorakhpur News - गोरखपुर में सिख धर्म के 9वें गुरु गुरु तेग बहादुर और उनके तीन शिष्यों के 350वें शहीदी पर्व की स्मृति में शहीदों को नमन यात्रा निकाली गई। श्रद्धालु ने वाहेगुरु का जाप किया और समुदायों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। शहीदी पर्व का मुख्य कार्यक्रम मंगलवार को आयोजित किया जाएगा।
गोरखपुर, निज संवाददाता। सिख धर्म के 9वें गुरु गुरु तेग बहादुर और उनके तीन शिष्यों भाई मती दास, भाई सती दास और भाई दयाला जी के 350वें शहीदी पर्व की स्मृति में सोमवार को गुरुद्वारा जटाशंकर से निकली शहीदों को नमन यात्रा श्रद्धा और भक्ति से परिपूर्ण रही। यात्रा के दौरान श्रद्धालु वाहेगुरु नाम का जाप करते हुए आगे बढ़ते रहे, वहीं मार्ग के दोनों ओर लोगों ने गुरु के बलिदान की अमर गाथा सुनकर श्रद्धा से नमन किया। नमन यात्रा सुबह 10:30 बजे गुरुद्वारा जटाशंकर से प्रारंभ होकर सुमेर सागर, विजय चौक, सिनेमा रोड, गणेश चौराहा और टाउनहॉल होते हुए शास्त्री चौक पर संपन्न हुई।

यात्रा में चार साहबजादों के वेश में बच्चे निशान साहिब थामे सबसे आगे चल रहे थे, जबकि भक्तजनों द्वारा पूरे मार्ग में गुरुबाणी का कीर्तन गाया जाता रहा। मार्ग में विभिन्न समुदायों द्वारा पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। नमन यात्रा में गुरुद्वारा जटाशंकर के अध्यक्ष जसपाल सिंह, उत्तर प्रदेश पंजाबी अकादमी के सदस्य जगनैन सिंह नीटू, मैनेजर रजिंदर सिंह, आरएसएस के प्रांत प्रचारक भाई रमेश, पूर्व महापौर डॉ. सत्या पांडेय, समाजसेवी डॉ. सौरभ पांडेय, सुमन हिंदू, सुधा मोदी, हरप्रीत सिंह साहनी, रविंदरपाल सिंह पप्पू, गुरमीत सिंह, धर्मपाल सिंह राजू, डॉ. दीपक सिंह, त्रिलोचन सिंह, चिरंजीव सिंह हनी, कुलदीप सिंह नीलू, जोगेंद्र सिंह, अजीत सिंह, जसबीर सिंह कंवल, जसविंदर कौर, सुरेंद्र कौर, रनदीप कौर, मंजीत सिंह समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे। आज मनाया जाएगा शहीदी पर्व मीडिया सचिव जगनैन सिंह नीटू ने बताया कि मंगलवार को मुख्य शहीदी पर्व पर सुबह 8:30 से दोपहर 2:30 बजे तथा शाम 6:30 से रात 9:30 बजे तक कीर्तन, सत्संग, कथा-विचार, अरदास और गुरु के लंगर प्रसाद के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




