ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश गोरखपुरगोरखपुर-बस्ती मंडल में 12 घंटे में 11 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले

गोरखपुर-बस्ती मंडल में 12 घंटे में 11 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले

गोरखपुर बस्ती मंडल में कोरोना ने कहर दिखाना शुरू कर दिया है। बीते 12 घंटे में 11 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। ये सभी पॉजिटिव दिल्ली अथवा मुंबई से आए हैं। गनीमत इस बात का रहा है कि जिला प्रशासन...

गोरखपुर-बस्ती मंडल में 12 घंटे में 11 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले
हिन्दुस्तान टीम,गोरखपुरSat, 02 May 2020 02:15 AM
ऐप पर पढ़ें

गोरखपुर। वरिष्ठ संवाददाता

बीआरडी मेडिकल कालेज स्थित लैब में हुई जांच में शुक्रवार को 6 नमूने कोरोना पॉजिटिव मिले। संक्रमितों में एक गोरखपुर, चार संतकबीरनगर और एक देवरिया का है। बताया जा रहा है कि बस्ती में भी पांच संक्रमित मिले हैं। ये सभी हाल में मुंबई से लौट रहे थे जिन्हें हर्रैया में क्वारंटीन कर दिया गया है। हालांकि प्रशासन से इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।

गोरखपुर का संक्रमित 43 वर्षीय नेपाली नागरिक है। उसका परिवार बिछिया के सर्वोदय नगर में रहता है। वह बुधवार को मुंबई से तीन साथियों के साथ एंबुलेंस से लौटा है। बताया जाता है कि वह मुंबई में प्राइवेट कंपनी में जॉब करता है। वहां उसकी तबीयत खराब हुई। उसके साथ नेपाल के ही तीन और साथी भी रहते हैं। चारों ने एंबुलेंस बुक की और बुधवार को गोरखपुर आ गए। पुलिस ने उन्हें सहजनवा में रोक लिया। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया, जहां से 100 बेड टीवी अस्पताल में उन्हें क्वारंटीन किया गया। गुरुवार को उनका सैंपल जांच के लिए आरएमआरसी भेजा गया था जिसमें एक में संक्रमण की पुष्टि बीआरडी के प्राचार्य डॉ.गणेश कुमार ने की है।

देवरिया में मुंबई से लौटा एक और 32 वर्षीय व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया। वह तरकुलवा थाना क्षेत्र के भैसा डाबर गांव का रहने वाला है। इसके साथ ही जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या दो हो गई है। सीएमओ डॉक्टर आलोक पाण्डेय ने इसकी पुष्टि की। इससे पूर्व शुक्रवार सुबह संतकबीरनगर जिला अस्पताल से भेजे गए नमूनों में से चार में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई।

प्रशासन के मुताबिक संक्रमितों में सांथा ब्लॉक के निघुरी निवासी 25 वर्षीय और 42 वर्षीय युवक हैं जबकि दो अन्य सिद्धार्थनगर जनपद के चेतिया मिश्रौलिया निवासी 24 वर्षीय युवक व लोटन क्षेत्र के फुलवरिया गांव का 32 वर्षीय युवक है। रिपोर्ट आते ही चारों को एल-1 हॉस्पिटल खलीलाबाद सीएचसी शिफ्ट कर दिया गया। ये चारों संक्रमित 29 अप्रैल को दो ट्रकों से खलीलाबाद आए थे। इन सभी को पुलिस जांच के लिए जिला अस्पताल ले गई जहां से नमूना जांच के लिए बीआरडी भेजा गया था।

चालक सहित 6 क्वारंटीन

बुधवार को जिला प्रशासन ने मुंबई से गोरखपुर लौटे एंबुलेंस को वापस नहीं जाने दिया। चारों नेपाली नागरिकों के साथ एंबुलेंस के चालक व सहायक को भी क्वारंटीन किया गया। उनका सैंपल जांच के लिए भेजा गया। एक को छोड़कर बाकी सब की जांच रिपोर्ट निगेटिव रही। स्वास्थ विभाग का मानना है की दूसरे नेपाली नागरिक भी संक्रमित हो सकते हैं। ऐसे में सबको 14 दिन के लिए क्वारंटीन किया जाएगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें