ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश गोरखपुर12 किमी में 10 खतरनाक स्थल, जरा संभल कर चलें

12 किमी में 10 खतरनाक स्थल, जरा संभल कर चलें

लखनऊ से गोरखपुर की सीमा के प्रवेश करने के बाद सिर्फ सहजनवां थाना क्षेत्र में 12 किमी के सफर में दस ऐसे खतरनाक स्थान हैं जहां अगर सावधानी हटी तो दुर्घटना घट जाएगी। इन दस स्थानों पर पिछले सात महीने में...

12 किमी में 10 खतरनाक स्थल, जरा संभल कर चलें
वरिष्ठ संवाददाता ,गोरखपुरSun, 23 Jul 2017 10:22 PM
ऐप पर पढ़ें

लखनऊ से गोरखपुर की सीमा के प्रवेश करने के बाद सिर्फ सहजनवां थाना क्षेत्र में 12 किमी के सफर में दस ऐसे खतरनाक स्थान हैं जहां अगर सावधानी हटी तो दुर्घटना घट जाएगी। इन दस स्थानों पर पिछले सात महीने में 17 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 12 घायल हुए हैं।
यहां बढ़ती दुर्घटनाओं को रोकने के लिए एसपी नार्थ गणेश साहा ने प्लान तैयार कर ट्रैफिक विभाग के साथ ही पीडब्ल्यूडी और एनएचआई को चिट्ठी लिखी है। हाईवे से गुजर रहे लोगों से जहां सावधानी बरतने के लिए कहा गया है। वहीं सड़क पर कुछ स्थानों पर ब्रेकर तथा ज्यादातर जगहों पर रोडियम चिन्ह लगाने का अनुरोध किया है।

ताकि सड़क पर न हो दुर्घटनाएं  
सड़क दुर्घटना रोकने को एसपी नार्थ बना रहे हैं प्लान 
भीटी रावत से नौसढ़ तक सामने आए दस खतरनाक स्थान 
पिछले सात महीने में यहां गई17 लोगों की जान 12 घायल 

यहां हैं खतरनाक स्थल, रखें ध्यान
कसरौल
सड़क घुमावदार है। पुल नहीं है। स्थानीय लोगों के साथ पशु सड़क क्रास करते रहते हैं। इस वजह से यहां दुर्घटना होती है। वर्ष 2017 में दो दुर्घटनाएं हुईं जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।

सीहापार
सहजनवा के तरफ से जाने पर सीहापार पुल से उतरने पर सीहापार से जो लोग हाईवे को मुड़ते हैं। हाईवे के लिए जहां से सर्विस रोड है इसके पहले तोड़कर मोड़ बन गया है इसके कारण यहां दुर्घटना होती है। वर्ष 2017 में एक दुर्घटना हुई जिसमें उसकी मौत हो गई।

चकिया 
हाईवे के दोनों तरफ पेट्रोल पम्प होने के कारण लोग ट्रक और अन्य वाहन हाईवे के किनारे खड़ी कर देते हैं जिससे लोगों के आवागमन में दिक्कत होती है और दुर्घटनाएं होती हैं। 2017 में यहां एक की मौत हुई। 

भीटी रावत 
चौराहे पर हाईवे के दोनों तरफ आबादी और दुकाने हैं। चौराहे पर पुल न होने के कारण दुर्घटना होती है। 2017 में यहां सात दुर्घटना हुई जिसमें चार की मौत हो गई तीन घायल हुए।

रहीमाबाद
हाईवे से रहीमाबाद गांव से लिंक रोड है। गांव में घनी आबादी है। गांव से लोग जब हाईवे पर आते हैं तो उस कारण दुर्घटना होती है। 2017 में यहां चार दुर्घटनाएं हुई जिसमें दो की मौत हो गई। 

सहजनवां चौराहा
सहजनवा बड़ा कस्बा है और घनी आबादी है। पुल न होने के कारण लोग हाईवे को क्रास कर दोनों तरफ जाते हैं जिसके कारण यहां दुर्घटना होती है। 2017 में यहां चार दुर्घटनाएं हुई। जिसमें दो की मौत हो गई।

दानापानी 
होटल के सामने ही रोड क्रास है। इसपार से उस पार हाईवे क्रास करने में दुर्घटना होती है। 2017 में चार दुर्घटनाएं हुईं जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। 

बोक्टा
हाईवे के दोनों तरफ आबादी क्षेत्र होने के कारण लोग रोड अचानक क्रास करते हैं। जिससे यहां दुर्घटना होती है। वर्ष 2017 में यहां पांच दुर्घटना हुई जिसमें दो की मौत, तीन घायल हो गए।

कालेसर 
कालेसर जीरो प्वाइंट पर कई तरफ से रास्ता खुला होने के कारण दुर्घटना होती है। वर्ष 2017 में यहां पांच दुर्घटना हुई इसमें दो की मौत हो गई जबकि तीन घायल हुए।

बरवार 
रोड घुमावदार है। साथीपार से एक रोड मिलती है। यहां अंधा मोड़ है जिसके कारण दुर्घटना घटित होती है। वर्ष 2017 में एक दुर्घटना हुई जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई।


यह है सुझाव 
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण उत्तरी ने सहजनवा क्षेत्र के इन चिन्हित स्थानों पर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं के कारणों की समीक्षा की इस दौरान उन्होंने उन स्थानों पर दुर्घटना रोकने के लिए एक कार्ययोजना बनाई है। 
सड़क सुरक्षा के नियम और कानूनों का शतप्रतिशत पालन किया जाए और आस-पास के लोगों को जागरूक किया जाए। यात्री और चालक को चाहिए कि यातायात के नियमों का पालन करें। कार चलाते समय सीट बेल्ट लगाएं और बाइक पर हेल्मेट। गाड़ी की साइड बत्ती को अंधरे या कम प्रकाश में चालू कर दें। सड़क लेन परिवर्तित करना है सिग्नल देने के साथ सावधानी पूर्वक परिवर्तित करें। पैदल चलने वालों को न तो सड़क पर पटरी मिलती है और न ही क्रास करने के लिए किसी स्थान की पहचान होती है लिहाजा वह कहीं से भी सड़क क्रास करने लगते हैं।

यह काम करें एनएचआई और लोक निर्माण विभाग 
दुर्घटना के लिए चिन्हित किए गए स्थानों पर रेडियम युक्त चिन्ह बोर्ड लगाया जाना आवश्यक है। कसरौल के पास सड़क घुमावदार है वहां मोड़ पर रोडियम युक्त चिन्ह बोर्ड लगाएं। दानापानी होटल के सामने रोड क्रास करने वालों के लिए ब्रेकर बनाएं। कालेसर जीरो प्वाइंट पर कई तरफ से रास्ता खुला है वहां ब्रेकर और रोडियम युक्त चिन्ह लगाए हैं। बोक्टा रोड के दोनों तरफ आबादी है वहां ब्रेकर बनवाएं। सीहापार से मुड़ते समय सड़क तोड़कर बनाया गया मोड़ तत्काल बंद कराएं। बरबार रोड घुमावदार व अंधा मोड़ है वहां रेडियम युक्त चिन्ह बोर्ड लगवाएं। रहीमाबाद से हाईवे लिंक रोड है। लिंक रोड से हाईवे पर जाते समय हाईवे में मिलने से पहले ब्रेकर बनवाएं। चकिया के पास हाईवे के दोनों तरफ पेट्रोल पम्प है। वहां ब्रेकर के साथ रेडियम युक्त चिन्ह बनवाएं। 
 
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें