यूपी में बीजेपी के पूर्व विधायक और उनके सहयोगियों पर पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच शुरू
यूपी में कोर्ट के आदेश पर गोरखपुर पुलिस ने पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश शुक्ला और उनके सहयोगियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस इस मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी(BJP) के पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश शुक्ला पर जालसाजी और रुपये हड़पने का केस दर्ज किया गया। आरोप है कि टाइम सिटी मल्टी स्टेट कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी लिमिटेड खोलकर लोगों की रकम हड़पी गई है। पीड़ित हरपुर बुदहट क्षेत्र के ग्राम बुदहट निवासी लक्ष्मी नारायण दुबे ने कोर्ट में अर्जी दी थी। कोर्ट के आदेश पर गोरखपुर जिले की कैंट पुलिस ने पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश शुक्ला और उनके सहयोगियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस इस मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
लक्ष्मीनारायण दुबे के मुताबिक, वर्ष 2010 में टाइम सिटी मल्टी स्टेट को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी लिमिटेड समेत अन्य कंपनियां बनाकर प्लॉट, भू-खंड बिक्री और फिक्स्ड, रिकरिंग और डेली डिपॉजिट योजनाओं में निवेश कराया गया। इन कंपनियों का मुख्यालय जानकीपुरम, लखनऊ में तथा शाखा कार्यालय कैंट क्षेत्र के छात्रसंघ चौराहा, कबाड़ी मार्केट में खोला गया था। इन आरोपियों ने आरबीआई लाइसेंस और जमीन के कूटरचित दस्तावेज दिखाकर निवेशकों को झांसे में लिया। निवेश की गई रकम को छह साल में दोगुना करने या दोगुनी राशि के बराबर पूर्ण विकसित भूखंड की रजिस्ट्री कराने का आश्वासन दिया गया ।
लक्ष्मीनारायण ने लगभग 28 लाख रुपये निवेश किए, जिसमें उनकी पत्नी के 6.39 लाख रुपये शामिल हैं। अवधि पूरी होने के बाद जब धनराशि या प्लॉट की मांग की गई तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दिया। राशि और प्लॉट की मांगने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने पुलिस अफसरों को प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन केस दर्ज नहीं किया गया। अब कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
इनके खिलाफ दर्ज हुआ केस
लखनऊ के रविंद्रपल्ली, इंदिरानगर निवासी बीजेपी के पूर्व विधायक चेयरमैन चंद्र प्रकाश शुक्ला और अन्य निदेशकों दीपचंद्र शुक्ला, गुलाबचंद्र मौर्या, तृप्ति तिवारी, अरविंद कुमार पांडेय, गुलाम मुर्तजा, संतोष कुमार अग्रहरि, गौरव कन्नौजिया, जितेंद्र कुमार तिवारी, निदेश लहुरी, विनय, सत्यवती, मिथिलेश, रमेंद्र चंद्र यादव, बृजेश शुक्ला व अन्य सहयोगियों को आरोपी बनाया गया।
शहर के तीन थाना क्षेत्रों में पहले भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज है मुकदमा
सीओ कैंट योगेंद्र सिंह ने कहा कि कोर्ट के आदेश पर पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश और उनके सहयोगियों के खिलाफ कैंट थाने में केस दर्ज किया गया है। योगेंद्र ने बताया कि पुलिस मामले की जांच- पड़ताल कर रही है। पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश और उनके सहयोगियों पर गोरखपुर शहर के तीन थाना क्षेत्रों में पहले भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं।
लेखक के बारे में
Deep Pandeyदीप नरायन पांडेय लाइव हिन्दुस्तान में पिछले आठ सालों से यूपी टीम में हैं। दीप का डिजिटल, टीवी और प्रिंट जर्नलिज्म में 15 साल से अधिक का अनुभव है। यूपी के लखनऊ और वाराणसी समेत कई जिलों में पत्रकारिता कर चुके हैं। यूपी की राजनीति के साथ क्राइम की खबरों पर अच्छी पकड़ है। सामाजिक, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन, शिक्षा और हेल्थ पर भी लिखने का शौक है। मास कम्युनिकेशन में बीए और एमए हैं। सरल भाषा में खबरों को पाठकों तक पहुंचाते हैं। खबर लिखने के अलावा साहित्य पढ़ने-लिखने में भी रुचि रखते हैं।
और पढ़ें


