गंगा एक्सप्रेसवे पर गूगल मैप का गलत इशारा, हवाई पट्टी से नीचे कूदी कार
यूपी के उन्नाव में गंगा एक्सप्रेसवे पर गूगल मैप का गलत इशारे के कारण कार हवाई पट्टी से नीचे कूद गई। गनीमत रही कि चारों कार सवार मामूली जख्मी होकर बच निकले।

उत्तर प्रदेश के उन्नाव में सड़क हादसा हो गया है। गूगलमैप पर आंख मूंदकर भरोसा करना काशी-प्रयागराज से लौट रहे जयपुर के चार तीर्थयात्रियों को भारी पड़ गया। गूगल मैप पर सीएनजी पंप देख चालक ने कार गंगा एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी की तरफ मोड़ दी। आगे इमरजेंसी कट बंद था। इस पर चालक ने ब्रेक लगा दिए, जिससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा पलट गई। गनीमत रही कि चारों कार सवार मामूली जख्मी होकर बच निकले।
राजस्थान के जयपुर के मनोहरपुरा थाना क्षेत्र के चक भाजुपुरा बस्सी गांव के रवि कुमार शर्मा अपने साथी अरविंद शर्मा, हर्ष शर्मा और कार्तिक शर्मा के साथ कार से धार्मिक यात्रा पर निकले थे। काशी विश्वनाथ और प्रयागराज दर्शन के बाद चारों लोग गंगा एक्सप्रेसवे से जयपुर लौट रहे थे। देर रात आगरा एक्सप्रेसवे इंटरचेंज पार करने के बाद कार में सीएनजी खत्म होने लगी तो चालक ने गूगल मैप का सहारा लिया। चालक रवि कुमार के मुताबिक मैप ने बेहटा मुजावर क्षेत्र में जोगीकोट गांव के पास हवाई पट्टी के निकट सीएनजी पंप दिखाया। ईंधन की टंकी खाली देख हवाई पट्टी पर बने इमरजेंसी कट से कार नीचे की तरफ मोड़ दी। मगर सामने रास्ता बंद था। अचानक ब्रेक लगाने के चक्कर में कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा पलट गई। शीशे टूटे, कार चकनाचूर हुई।
चारों सवारों को सिर्फ खरोंचें ही आईं
गनीमत रही कि कार में सवार चारों सवारों को सिर्फ खरोंचें ही आईं।उधर, सड़के हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंच गई। यूपीडा की पेट्रोलिंग टीम ने घायलों को कार से निकालकर प्राथमिक इलाज दिया। कार सवार चारों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। यूपीडा की टीम ने बताया कि चालक ने कहा कि गूगल मैप पर सीएनजी पंप दिखने पर उसने कार मोड़ी थी। आगे कट बंद था, जिससे कार अनियंत्रित होकर पलट गई।
बांगरमऊ में सीएनजी पंप ही नहीं, फिर मैप ने दिखाया कैसे
सबसे बड़ा सवाल ये कि बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में एक भी सीएनजी पंप नहीं है। अनुमान है कि गूगल मैप ने 40 किलोमीटर दूर मल्लावां स्थित पंप का रास्ता दिखाया और चालक इमरजेंसी कट देखकर भ्रमित हो गया। बता दें कि गंगा एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी के दोनों मुहाने पर बने इमरजेंसी कट सिर्फ आपातकालीन विमान लैंडिंग के लिए खुलते हैं। आम दिनों में ये पूरी तरह बंद रहते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि गूगल मैप में ऐसा कैसे दिखा दिया, जिससे हादसा हो गया।


