गुड न्यूज: योगी कैबिनेट के फैसले से यूपी में आएंगी हजारों नौकरियां, इन जिलों में लगेंगी बड़ी यूनिट्स
योगी कैबिनेट की बैठक में 24 हजार करोड़ रुपए के निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। शाहजहांपुर, गोरखपुर, ग्रेटर नोएडा, प्रयागराज, हाथरस, यमुना, मुरादाबाद में औद्योगिक इकाईयां स्थापित होंगी। जल्द ही सभी कम्पनियों को लेटर ऑफ कम्फर्ट जारी कर दिया जाएगा।

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में 24,000 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई। शाहजहांपुर, गोरखपुर, ग्रेटर नोएडा, प्रयागराज, हाथरस, यमुना, मुरादाबाद में औद्योगिक इकाईयां स्थापित होंगी। इन इकाईयों में हजारों युवाओं और लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। जल्द ही सभी कम्पनियों को लेटर ऑफ कम्फर्ट जारी किया जाएगा।
मंत्रिपरिषद की बैठक में ओएफबी टैंक प्राइवेट लिमिटेड को शाहजहांपुर में 589.98 करोड़ की लागत से एग्रो केमिकल्स प्लांट स्थापित करने, इंडिया ग्लाइकौल्स लिमिटेड को गोरखपुर में 669.93 करोड़ की लागत से एथेनॉल संयंत्र स्थापित करने, सीईएसी ग्रीन पॉवर लिमिटेड को यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण एवं बुन्देलखण्ड में 3805 करोड़ रूपए की लागत से सोलर सैल प्लांट स्थापित करने के लिए, बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड को सरस्वती हाइटेक सिटी प्रयागराज में 269.31 करोड़ रूपए की लागत से कार्बनिटेड सॉफ्टड्रिंक, सोडा, प्रीफार्म मैन्युफैक्वरिंग प्लांट स्थापित करने के लिए, एजीआई ग्रीन पैक लिमिटेड की सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र हाथरस में 1128.72 करोड़ रुपए की लागत से एल्युमिनियम कैन विनिर्माण इकाई स्थापित करने के लिए, इंटीग्रेटेड बेटरीज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में 1146 करोड़ रुपए की लागत से सोलर सेल निर्माण तन्यन्त्र स्थापित करने के लिए, त्रिवेणी इंजीनियरिंग एण्ड इण्डस्ट्रीज लिमिटेड को 237 करोड़ रुपए की लागत से मुरादाबाद में एथेनाल इकाई स्थापित करने के लिए स्वीकृति प्रदान की गई। अवाडा इलेक्ट्रो लिमिटेड को दो सितम्बर 2025 को मंत्रि परिषद द्वारा परियोजना लागत 11,399 करोड़ के प्रस्ताव को प्रदान किए गए स्वीकृति को संशोधित कर 13,640.79 करोड़ के निवेष प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई।
मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नन्दी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में नए भारत का नया उत्तर प्रदेश आज देश का ग्रोथ इंजन बनने की ओर अग्रसर है। उत्तर प्रदेश निवेश का प्रमुख गंतव्य बन कर उभरा है। यही कारण है कि बड़ी संख्या में निवेशक प्रदेश में निवेश के लिए स्वयं आगे आ रहे हैं। मंत्री नन्दी ने कहा कि प्रत्येक निवेश प्रस्ताव को धरातल पर साकार करना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
एक-एक एमओयू को फॉलोअप करना और उसे मेच्योर होने तक निरन्तर प्रयास करना हमारी प्रतिबद्धता है। इसी का परिणाम है कि आज उत्तर प्रदेश का प्रत्येक कोना औद्योगिक विकास की रौशनी से जगमगा रहा है। प्रत्येक निवेशक, प्रत्येक उद्यमी उत्तर प्रदेश का मित्र है। वह प्रदेश की औद्योगिक और आर्थिक विकास यात्रा का साथी है, सहयोगी है। इसी सोच और दृष्टि के साथ डबल इंजन वाली हमारी सरकार आगे बढ़ रही है।
लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें

