
गुड न्यूज: गोरखपुर से जगन्नाथपुरी तक चलेगी सुपर फास्ट एक्सप्रेस, जानें रूट
संक्षेप: इस नई ट्रेन से अयोध्या धाम, गोरखपुर, पटना और पुरी जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा। इससे धार्मिक पर्यटन को भी एक नई गति मिलेगी। सांसद रवि किशन ने इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर रेलवे महाप्रबंधक गोरखपुर का धन्यवाद व्यक्त किया है।
गोरखपुर से पुरी धाम (जगन्नाथपुरी, ओडिशा) जाने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। सांसद रवि किशन शुक्ला के प्रयासों से गोमती नगर (लखनऊ) से प्रारम्भ होकर अयोध्या, गोरखपुर, पटना होते हुए पुरी रेलवे स्टेशन तक सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का रास्ता अब साफ हो गया है।

रेल मंत्रालय की ओर से सांसद को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि 10 अप्रैल 2024 से 12 अप्रैल 2024 तक जयपुर में आयोजित रेलवे के टाइम टेबल कांफ्रेंस में इस प्रस्ताव को सहमति दी जा चुकी है। गोमती नगर से मलतीपीठापुर (पुरी) वाया गोरखपुर मार्ग पर ट्रेन चलाने का प्रस्ताव तैयार है। रेल बोर्ड की स्वीकृति के बाद इसका संचालन शीघ्र प्रारंभ हो जाएगा। इस नई ट्रेन सेवा से अयोध्या धाम, गोरखपुर, पटना और पुरी जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा। यह न केवल यात्रियों को सुविधा देगा बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी एक नई गति प्रदान करेगा। सांसद रवि किशन शुक्ला ने इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर रेलवे महाप्रबंधक गोरखपुर का धन्यवाद व्यक्त किया है।
कोलकाता-गोरखपुर अनारक्षित स्पेशल कल
यात्रियों की भीड़ को देखते हुए 03133/03134 कोलकाता-गोरखपुर-कोलकाता अनारक्षित स्पेशल का संचलन एक फेरे के लिए किया जाएगा। यह जानकारी सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने दी है। 03133 कोलकाता-गोरखपुर अनारक्षित स्पेशल 24 अक्टूबर को कोलकाता से रात 11.55 बजे प्रस्थान कर दूसरे दिन शाम 6 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
अवध और आम्रपाली की गलत जानकारी से अफरातफरी
दीवाली के अगले दिन मंगलवार की शाम करीब पांच बजे अवध एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म दो पर आई। प्लेटफॉर्म पर लगे कोच डिस्प्ले बोर्ड पर स्लीपर कोच आगे और एसी कोच पीछे दिख रहा था। इसके तहत यात्री सामान लेकर कोच के पास पहुंच गए, लेकिन जब ट्रेन खड़ी हुई तो कोच की पोजिशन गलत थी। स्लीपर कोच पीछे की तरफ और एसी कोच इंजन के पीछे लगे थे। इसके बाद सामान लेकर लोग कोच की तरफ भागने लगे। इससे लोगों को काफी दिक्कतें हुई। बुधवार को आम्रपाली एक्सप्रेस जब यार्ड में प्रवेश कर गई तब उसकी सूचना प्रसारित की गई। इससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई। रेल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रेलकर्मियों को चेतावनी दे दी है।





