गुड न्यूज: यहां शादी वाले घरों को फोन से बुलाकर दे रहे सिलेंडर, छुट्टी के दिन भी लिए गए आवेदन
शादी के कार्ड के साथ आवेदन करने वालों को कमर्शियल सिलेंडर मिलने लगा है। लोगों को एजेंसी से व्हाट्सएप या फोन करके बुलाया जा रहा है। आवेदन के बाद शादी के घरों के लिए सिलेंडर दिया जा रहा है। लोगों को असुविधा न हो इसलिए रविवार को भी ऑफिस खोलकर आवेदन लिया जा रहा है।

UP News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में शादी के कार्ड के साथ आवेदन करने वालों को कमर्शियल सिलेंडर मिलने लगा है। कार्यक्रम की तिथि के मुताबिक लोगों को एजेंसी से व्हाट्सएप या फोन करके बुलाया जा रहा है। वहीं छुट्टी के दिन रविवार को 77 लोगों ने आवेदन किया। चार दिन में कुल 246 आवेदन आए हैं। अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध के चलते पिछले एक महीने से एजेंसियों पर लंबी लाइन की सूचनाओं से हलकान हुए जा रहे शादी वाले घरों में अब राहत की स्थिति है। लोग शादी के कार्ड के साथ आवेदन कर रहे हैं और कॉमर्शियल सिलेंडर पा जा रहे हैं।
रविवार को गोरखपुर के देवकी गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने पहुंचे बक्शीपुर के कौशल श्रीवास्तव ने बताया कि बेटे की शादी 20 अप्रैल को है। 14 के बाद से कार्यक्रम शुरू हो जाएगा। फोन आने पर तीन कमर्शियल सिलेंडर लाए हैं। गोरखपुर के ही जंगल तिकोनिया नंबर 1 के रहने वाले नईम अंसारी ने बताया कि कार्ड के साथ आवेदन के बाद उनको तीन सिलेंडर मिले हैं। चौरीचौरा के भृगुनाथ यादव ने बताया कि उनके यहां ब्रह्मभोज के लिए 6 सिलेंडर मिले थे। रविवार को अवकाश के दिन भी जिला पूर्ति विभाग का ऑफिस खुला था। सप्लाई इंस्पेक्टर अरूण सिंह शादी के कार्ड के साथ लोगों का आवेदन ले रहे थे।
रुद्रपुर खजनी से आए देवानंद त्रिपाठी ने बताया कि उनके दो भतीजों का जनेऊ में 600 व्यक्तियों के भोजन की व्यवस्था करनी है। खजनी के संग्रामपुर निवसी कुंती देवी ने बताया कि डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती पर 3 गैस सिलेंडर की जरूरत है। दोनों ने गैस सिलेंडरों के लिए आवेदन किया।
क्या बोले जिला पूर्ति अधिकारी
गोरखपुर के जिला पूर्ति अधिकारी रामेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आवेदन के बाद शादी के घरों के लिए सिलेंडर दिया जा रहा है। लोगों को असुविधा न हो इसलिए रविवार को भी ऑफिस खोलकर आवेदन लिया जा रहा है। जिन आवेदनकर्ताओं के यहां शादी या अन्य कार्यक्रम पहले है। उन्हें पहले वरीयता दी जा रही है।
प्रशासन का आश्वासन-उद्योगों को भी जल्द मिलेंगे कमर्शियल सिलेंडर
युद्ध से बिगड़े हालात और मजदूरों की स्थिति को लेकर जिलाधिकारी दीपक मीणा ने रविवार को दिन में विकास भवन में उद्यमियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को सुना। उद्यमियों ने कमर्शियल सिलेंडर से लेकर कच्चे माल की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी को लेकर जानकारी दी। जिलाधिकारी ने भरोसा दिया कि उद्योगों को कमर्शियल सिलेंडर जल्द मुहैया होंगे।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें

