यूपी में नौकरी चाहने वालों के लिए गुड न्यूज, कल और परसों सभी जिलों में मिलेगा मौका
Jobs in UP : यूपी में नौकरी चाहने वालाें के लिए गुड न्यूज है। 13 और 14 जुलाई को प्रदेश के सभी जिलों में रोजगार मेला लगेगा। इसमें गरीब परिवारों के युवाओं और दिव्यांगों को प्राथमिकता मिलेगी।सभी रोजगार मेला स्थलों पर दिव्यांगों के लिए रैंप, आवागमन व अन्य जरूरी सुविधाएं देने के निर्देश दिए गए हैं।

Jobs in UP : उत्तर प्रदेश में नौकरी चाहने वालों के लिए गुड न्यूज है। प्रदेश में 13 और 14 जुलाई को दो दिन सभी जिलों में रोजगार मेले लगाए जाएंगे। इसमें जीरो पॉवर्टी अभियान में चिह्नित गरीब परिवारों के युवाओं और दिव्यांगों को प्राथमिकता पर रोजगार दिया जाएगा। व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिलदेव अग्रवाल की ओर से सभी जिलों को निर्देश दिए गए हैं कि इन दो दिवसीय रोजगार मेले में आने वाले अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार दिया जाए। क्यूआर कोड के माध्यम से युवाओं का पंजीकरण कराया जाएगा, फिर रुचि और योग्यता के आधार पर विभिन्न कंपनियों में रोजगार दिलाया जाएगा।
सभी जिलों में मुख्य विकास अधिकारी और कौशल विकास मिशन के जिला समन्वयक के आपसी समन्वय से इसका आयोजन होगा। इस मेले के संबंध में सभी जानकारियां युवाओं को आईटीआई में दी जाएंगी। सभी रोजगार मेला स्थलों पर दिव्यांगों के लिए रैंप, आवागमन व अन्य जरूरी सुविधाएं देने के निर्देश दिए गए हैं। रोजगार मेला स्थल पर जगह-जगह क्यूआर कोड लगाए जाएंगे। इसके माध्यम से युवा मौके पर ही पंजीकरण करा सकेंगे। सुरक्षा के लिए सभी रोजगार मेला स्थलों पर नोडल अधिकारी व सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी। सभी जिलों में रोजगार पाने वाले युवाओं की सूची मिशन मुख्यालय को भेजनी होगी।
अनुदेशक के 13 पदों पर होगा साक्षात्कार
वहीं यूपी अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने फैशन टेक्नोलॉजी के अनुदेशक के 13 पदों पर भर्ती के लिए 117 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेगा। साक्षात्कार 17 व 18 जुलाई को होंगे। आयोग ने बताया कि पहले 106 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए चयनित किया गया था, बाद में 33 और ने दावा किया जिसमें 11 को शामिल किया गया। अब 117 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार होगा।प्लम्बर अनुदेशकों के तीन पदों के लिए 28 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए चयनित किया गया है। सभी के साक्षात्कार 16 जुलाई को होंगे। पूर्व में साक्षात्कार के लिए प्रकाशित सूची के बाद कई अभ्यर्थियों के प्रत्यावेदन मिले थे, लेकिन परीक्षण में उनमें से कोई पात्र नहीं पाया गया।
मैकेनिक अनुदेशक के चार पदों पर चयन के लिए 49 अभ्यर्थी इंटरव्यू के लिए चुने गए थे। पिछली चयन सूची के बाद मिले प्रत्यावेदन के परीक्षण के बाद अब 51 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार होगा। सिलाई तकनीक अनुदेशक के तीन पदों पर पहले 30 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए चयनित किया गया था। अब आयोग ने तीन अन्य अभ्यर्थियों को 15 जुलाई को होने वाले साक्षात्कार में शामिल होने का मौका दिया है। इस तरह से अब 33 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार होगा। ड्रेस मेकिंग अनुदेशक के चार पदों के सापेक्ष साक्षात्कार के लिए चयनित अभ्यर्थियों की संख्या बढ़ाकर 36 कर दी गई है। आयोग के मुताबिक 15 जुलाई को साक्षात्कार के लिए पहले 32 अभ्यर्थियों को ही बुलाया गया था।


