
यूपी में EV के ग्राहकों लिए खुशखबरी, रजिस्ट्रेशन-रोड टैक्स में 2 साल और मिल सकती है छूट
संक्षेप: चूंकि राज्य सरकार ईवी निर्माण के क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा निवेश लाना चाहती है, इसलिए छूट कि अवधि को बढ़ाए जाने की तैयारी की जा रही है। अभी तक दो लाख से ज्यादा दो पहिया और 25 हजार से ज्यादा चार पहिया वाहनों को पंजीकरण और रोड टैक्स में छूट का लाभ दिया जा चुका है।
उत्तर प्रदेश में इलेक्ट्रानिक व्हीकल खरीदने की चाहत रखने वालों के लिए खुशखबरी है। ईवी के ग्राहकों को राज्य सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद पर रोड टैक्स और पंजीकरण में मिलने वाली छूट की समय सीमा दो साल और बढ़ाने पर विचार कर रही है। औधोगिक विकास विभाग कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी के लिए जल्द रख सकता है।

प्रदेश में 13 अक्तूबर तक ईवी वाहनों के पंजीकरण व रोड टैक्स में छूट देने की व्यवस्था थी जो समाप्त हो गई है। सूत्रों के अनुसार औद्योगिक विकास विभाग ने अन्य राज्यों की ईवी नीति का अध्ययन कर छूट को अगले दो वर्षों के लिए बढ़ाने की सिफारिश सरकार से की है। चूंकि राज्य सरकार ईवी निर्माण के क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा निवेश लाना चाहती है, इसलिए छूट कि अवधि को बढ़ाए जाने की तैयारी की जा रही है। अभी तक दो लाख से ज्यादा दो पहिया और 25 हजार से ज्यादा चार पहिया वाहनों को पंजीकरण व रोड टैक्स में छूट का लाभ दिया जा चुका है। सरकार उत्तर प्रदेश में निर्मित होने वाले ईवी पर और ज्यादा छूट भी देने का प्रावधान कर सकती है, जिससे राज्य में ईवी के क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा निवेश आए। फिलहाल यूपी में ईवी टू व्हीलर का ही निर्माण किया जा रहा है।
सब्सिडी नीति के अंतिम दिन बंपर बिक्री
इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) पर दी जाने वाली छूट का सोमवार को आखिरी दिन होने के कारण वाहनों की बंपर बिक्री हुई। लखनऊ में एक ही दिन में 450 से अधिक वाहनों का पंजीकरण कराने के लिए देर रात तक आरटीओ कार्यालय में डीलरों की भीड़ उमड़ी रही। ईवी का पंजीकरण कराने को सुबह आठ बजे से आरटीओ कार्यालय खुल गया। रात आठ बजे तक 450 वाहनों का पंजीकरण हो चुका था। उसके बाद भी भीड़ कम न होने के कारण रात 12 बजे तक कार्यालय खुला रहा। रविवार को अवकाश के बावजूद ईवी का पंजीकरण करने के लिए कार्यालय रात 02 बजे तक खुला रहा। ईवी पर सब्सिडी की नीति का 13 अक्तूबर को अंतिम दिन रहा।
एआरटीओ प्रशासन प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि पिछले तीन दिनों में ईवी की सब्सिडी से संबंधित कुल 800 से अधिक फाइलों का निदान किया गया। इसमें कई फाइलें ऐसी भी थीं, जो लंबे समय से पेंडिंग थीं। सोमवार को सुबह आठ से रात आठ बजे तक 450 नए ईवी का पंजीकरण किया गया है। भीड़ लगी रहने के कारण देर रात तक कार्यालय खुला रहा। अंतिम दिन कुल कितने वाहनों का पंजीकरण हुआ है, इसकी जानकारी मंगलवार को ही हो पाएगी। बताया कि सब्सिडी नीति के तहत ईवी की खरीद पर रोड टैक्स और पंजीकरण शुल्क माफ था।





