Gonda News: चिवरहा में ड्रोन से सर्च और पिंजरा लगाया
Gonda News: तरबगंज के चिवरहा गांव में जंगली जानवर ने छह भेड़ों को मार डाला। घटना के बाद वन विभाग ने सुरक्षा के लिए टीम बनाई। डीएफओ अनुराग प्रियदर्शी के निर्देशन में ड्रोन और ट्रैप कैमरे का उपयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए पोस्टर भी लगाए गए हैं। हमला रविवार तड़के हुआ था।
Gonda News: तरबगंज, संवाददाता। तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत चिवरहा में जंगली जानवर द्वारा छह भेड़ों को मार डालने की घटना के बाद वन विभाग हरकत में आ गया है। डीएफओ अनुराग प्रियदर्शी के निर्देश पर वन दरोगा विनोद तिवारी के नेतृत्व में टीम ने बुधवार को गांव पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया और सुरक्षा इंतजाम बढ़ा दिए हैं। टीम ने गन्ने के खेतों में ड्रोन कैमरे से निगरानी शुरू की है, संवेदनशील जगहों पर ट्रैप कैमरा और पिंजरा लगाया गया है। साथ ही गांव में पोस्टर लगाकर ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है। बीते रविवार तड़के करीब तीन बजे जंगली जानवर दीवार कूदकर भेड़ पालक जगराम के बाड़े में घुस आया था।
हमले में छह भेड़ों की मौत हो गई, चार घायल हैं और पांच मेमने लापता हैं। अंधेरा होने के कारण जानवर की पहचान नहीं हो सकी। इस अभियान में वन दरोगा विनोद तिवारी, श्रवण सिंह, राम प्यारे, ड्रोन ऑपरेटर ऋषभ मिश्र सहित अन्य वनकर्मी मौजूद रहे।


