चुनावी रंजिश में चली गोलियां, दो घायल, गांव में तनाव, पुलिस जांच में जुटी
गोंडा के ग्राम सभा मुकुंदपुर में चुनावी रंजिश के चलते हिंसा हुई। विवाद में दो लोग घायल हुए और एक गंभीर रूप से चोटिल है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी।
उमरी बेगमगंज (गोंडा)। थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मुकुंदपुर में बुधवार सुबह चुनावी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुए विवाद में ताबड़तोड़ गोलियां चलने से दो लोग घायल हो गए, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से चोटिल बताया जा रहा है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। जानकारी के अनुसार मंगलवार रात गांव के पूर्व प्रधान दल बहादुर की पुत्री की शादी समारोह में प्रधान पद की दावेदारी को लेकर वर्तमान प्रधान अशोक सिंह और विपिन सिंह के बीच किसी बात पर कहासुनी हो गई थी।
उस समय मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। बुधवार सुबह करीब सात बजे विवाद फिर भड़क उठा। आरोप है कि अशोक सिंह गांव में विपिन सिंह के घर के पास पहुंचे, जहां दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान अचानक गोलियां चलने लगीं।
घायलों की स्थिति
फायरिंग में विपिन सिंह की जांघ में गोली लगी, जबकि उनके भाई अमित सिंह के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष के अशोक सिंह के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक चंदन कुमार, क्षेत्राधिकारी यूपी सिंह, एडिशनल एसपी राधेश्याम राय तथा एसओजी टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से पूछताछ की और घटना में प्रयुक्त असलहे की तलाश शुरू कर दी। पूरे गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस कार्रवाई
दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर देकर एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। घायलों को मेडिकल परीक्षण और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। एडिशनल एसपी राधेश्याम राय ने बताया कि पुलिस घटना में प्रयुक्त असलहे की बरामदगी के प्रयास में जुटी है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


