करनैलगंज में नशे में धुत बैंक मैनेजर ने गश्त कर रहे सिपाहियों को रौंदा, हालत नाजुक
करनैलगंज में गुरुवार रात बाइक पर गश्त कर रहे दो पुलिसकर्मियों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। कार चालक, जो नशे में था, को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
करनैलगंज (गोंडा), संवाददाता। कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के अंतर्गत गुरुवार देर रात गश्त पर निकले बाइक सवार दो सिपाहियों को एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार चालक को वाहन समेत हिरासत में ले लिया है। उसकी पहचान बैंक मैनेजर के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली करनैलगंज में तैनात सिपाही हिमांशु प्रजापति और अनिल कुमार गुप्ता गुरुवार रात करीब 12 बजे बाइक से चौरी चौराहा की ओर गश्त पर निकले थे।
जब वे गोनवा के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सिपाही सड़क पर काफी दूर जा गिरे और लहुलुहान हो गए। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज पहुंचाया। यहाँ अधीक्षक डॉ. अनुज कुमार और फार्मासिस्ट अशोक वर्मा ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन दोनों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज गोंडा रेफर कर दिया गया।पुलिस ने मौके से ही कार चालक को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान सीसामऊ स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) शाखा के मैनेजर राजेश कुमार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय आरोपी चालक पूरी तरह नशे में धुत था। देर रात ही आरोपी का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब के सेवन की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है। पुलिस के आला अधिकारी अस्पताल पहुंचकर घायल जवानों के स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


