ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, गेहूं की फसल जली
Gonda News - इटियाथोक थाना क्षेत्र के कुलमुनपुरवा गांव में शॉर्ट सर्किट से ट्रांसफार्मर में आग लग गई। आग से गेहूं की फसल और झाड़ियाँ जल गईं। ग्रामीणों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास किया और समय रहते आग पर काबू पा लिया। हालांकि, कुछ किसानों को फसल के नुकसान का सामना करना पड़ा।
मेहनौन (गोंडा)। इटियाथोक थाना क्षेत्र के कुलमुनपुरवा गांव में बुधवार देर रात शॉर्ट सर्किट के चलते ट्रांसफार्मर में भीषण आग लग गई। ट्रांसफार्मर से उठीं चिंगारियां नीचे गिरने लगीं, जिससे पास में खड़ी गेहूं की फसल भी आग की चपेट में आ गई। देखते ही देखते आग ने आसपास की झाड़ियों को भी अपनी गिरफ्त में ले लिया और वे जलकर राख हो गईं। आग लगने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने संसाधनों से आग बुझाने में जुट गए। किसानों ने खेतों में लगे पंपिंग सेट चलाकर पानी डाला और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
समय रहते आग बुझ जाने से बड़ा नुकसान टल गया, हालांकि कुछ किसानों की गेहूं की फसल जलने से नुकसान हुआ है। ग्राम प्रधान अशोक वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई थी, लेकिन कई घंटे बीत जाने के बाद भी टीम मौके पर नहीं पहुंची। उन्होंने कहा कि यदि समय पर मदद मिल जाती तो नुकसान और कम हो सकता था। ग्रामीणों की सतर्कता और त्वरित प्रयास से आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे आसपास के अन्य खेत सुरक्षित बच गए। घटना के बाद किसानों ने राहत की सांस ली, लेकिन फसल नुकसान को लेकर चिंता भी जताई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


