Gonda News: बाइक से लड़कर पलटी पिकअप, दो बाइक सवार युवकों की मौत
Gonda News: गोण्डा के छपिया-मसकनवा मार्ग पर एक सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की जान चली गई। तेज गति से आ रही पिकअप ने बाइक को टक्कर मारी, जिससे रंजीत और गंगाधर गंभीर रूप से घायल हुए। दोनों को अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
Gonda News: छपिया (गोण्डा), संवाददाता। मसकनवा - छपिया मार्ग पर थाने से पश्चिम आधे किलो मीटर की दूरी पर सड़क हादसे में पिकअप और बाइक की आमने सामने की टक्कर में दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गयी। सूचना मिलते ही एसओ प्रबोध कुमार टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। उपचार के लिए दोनों युवकों को सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जाता है कि शनिवार की देर रात करीब साढ़े नौ बजे मसकनवा छपिया नेशनल हाईवे पर बभनान की ओर से तेज गति से आ रही पिकअप ने बाइक सवार को ठोकर मार दी।
दोनों बाइक सवार किसी व्यक्तिगत कार्य से गोंडा मुख्यालय गये थे। घर चुवाड़ गांव के लिए जा रहे थे। थाने और पौधशाला के मध्य पुलिया मोड़ के पास बभनान की ओर से तेज गति से आ रही पिकअप ने बाइक को ठोकर मार दिया, जिससे रंजीत पुत्र प्रेम चंद्र (40) और गंगाधर पुत्र राम केवल (42) निवासी चुवाड़ थाना छपिया गंभीर रूप से घायल हो गये। देखते ही देखते भीड़ लग गयी ।आनन फानन में उपचार के लिए दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छपिया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया । एसओ प्रबोध कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है । पिकअप चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। चालक की तलाश की जा रही है ।


