ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार खिलौना व्यापारी की मौत, मचा कोहराम
Gonda News - करनैलगंज में एक सड़क हादसे में खिलौना व्यापारी मोहम्मद रईस की मौत हो गई। वह कटरा बाजार से लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे की सूचना पर पुलिस और पीआरबी मौके पर पहुंची। रईस अपने पीछे पत्नी, चार बेटियां और दो बेटे छोड़ गए हैं।
करनैलगंज। थाना क्षेत्र में करनैलगंज-कटरा मार्ग पर बुधवार सुबह एक सड़क हादसे में खिलौना व्यापारी की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मोहल्ला नई बाजार निवासी मोहम्मद रईस (45 वर्ष) अपनी स्कूटी से कटराबाजार में किसी मेले से फेरी करके वापस घर आ रहे थे। इसी बीच खजुआ के पास विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोहम्मद रईस की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पीआरबी तत्काल मौके पर पहुंची और शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। दुर्घटना के एक घंटे बाद तक स्थानीय पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
दुर्घटना में शामिल ट्रक पर नारायण ट्रांसपोर्ट लिखा था, वह कटरा की तरफ जा रहा था। व्यापारी अपने पीछे पत्नी, चार बेटियां और दो बेटों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। बताया जा रहा है कि उनका बड़ा बेटा सऊदी अरब में कार्यरत है, जबकि एक बेटा अभी छोटा है। सुबह करीब सात बजे हुई इस अनहोनी की खबर जैसे ही नई बाजार स्थित उनके निवास पर पहुंची, परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


