गर्मी से राहत पाने नहर में उतरा युवक, तेज बहाव में बहा: 19 घंटे बाद 8 किमी दूर मिली लाश
गोंडा जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र के अलावल देवरिया में 21 वर्षीय मोहम्मद कैफ नहर में डूब गया। तेज बहाव के कारण वह पानी में बह गया और उसका शव 19 घंटे बाद मिला। कैफ के परिवार में मातम छा गया है, क्योंकि उसकी बड़ी बहन की शादी बकरीद के बाद तय थी।

अलावल देवरिया (गोंडा), संवाददाता। गोंडा जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र के अलावल देवरिया में बग्गी रोड के निकट बहने वाली सरयू नहर की शाखा शनिवार को एक युवक की जान लील गई। तेज धूप और उमस से राहत पाने के लिए नहर में उतरा 21 वर्षीय मोहम्मद कैफ पानी के तेज बहाव में बह गया। करीब 19 घंटे की मशक्कत के बाद रविवार को उसका शव घटनास्थल से लगभग 8 किलोमीटर दूर मतवारिया गांव के पास फाटक के निकट बरामद हुआ। प्रभारी थानाध्यक्ष गजेंद्र पांडेय ने बताया कि मोहम्मद कैफ पुत्र राजू हुसैन, ग्राम धनौली, थाना कोतवाली देहात गोंडा का रहने वाला था और अलावल देवरिया में बग्गी रोड के पास एक फर्नीचर की दुकान पर काम करता था। शनिवार को दोपहर की तपती गर्मी से राहत पाने के इरादे से वह पास की नहर में नहाने चला गया, लेकिन नहर का बहाव इतना तेज था कि वह उसमें समा गया और फिर लौटकर नहीं आया。
पुलिस और खोजबीन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवक को तलाशने की कोशिश की, मगर हाथ निराशा ही लगी। देर शाम एसडीआरएफ और पीएसी की टीम को बुलाया गया, जो रात भर खोजबीन करती रही। रविवार सुबह घटनास्थल से करीब 8 किलोमीटर दूर फाटक के पास नहर में शव तैरता मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार का दुःख
इस हादसे ने कैफ के परिवार को तोड़कर रख दिया है। पिता राजू हुसैन ने आंसू भरी आंखों से बताया कि कैफ दो भाई और तीन बहनों में था। बड़ी बहन की शादी बकरीद के बाद तय थी, घर में खुशियों की तैयारी थी, लेकिन किसे पता था कि यह खुशी मातम में बदल जाएगी। जवान बेटे की असमय मौत ने पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है。
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


