गोंडा में जिम ट्रेनर ने सुसाइड किया; किराए के मकान में फंदे से लटका मिला शव, पिता ड्यूटी पर थे
गोंडा जिले की विष्णुपुरी कॉलोनी में एक जिम संचालक शिवम पटेल (28) का शव किराए के मकान में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शिवम के पिता शुगर मिल में काम करते हैं और परिवार गोपालगंज, बिहार का निवासी है। सुसाइड के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस मोबाइल और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

गोंडा जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र के विष्णुपुरी कॉलोनी में शुक्रवार एक किराए के मकान में रहने वाले जिम संचालक (ट्रेनर ) का शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। उसकी पहचान शिवम पटेल पुत्र दिनेश कुमार पटेल (28) के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। मौके पर फोरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर जांच पड़ताल की है। बताया जा रहा है कि शिवम शहर में जिम संचालन का काम करता था और विष्णुपुरी कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था।
जिम ट्रेनर ने कमरे में लगाई फांसी
उसके पिता शुगर मिल में कार्यरत बताए जा रहे हैं। शिवम का परिवार मूल रूप से बिहार के गोपालगंज का रहने वाला है। आसपास के लोगों ने बताया कि घटना के समय घर में शिवम अकेला था। इसी दौरान उसने कमरे के भीतर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक कमरे का दरवाजा न खुलने पर आसपास के लोगों को शक हुआ। जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची नगर कोतवाली पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतरवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुसाइड की वजह का अभी तक खुलासा नहीं
घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं मोहल्ले के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मृतक के मोबाइल व अन्य पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर किन परिस्थितियों में उसने इतना बड़ा कदम उठाया।
देर रात तक जाग रहा था, फिर कमरा बंद कर लिया
वहीं इस मामले में पिता दिनेश पटेल ने बताया कि बेटा सुबह 4 बजे तक जाग रहा था। रात भर सोया नहीं था, मोबाइल चला रहा था। इसके बाद उसने अपना दरवाजा बंद कर लिया। हमें लगा सो गया होगा। दोपहर 12 बजे खाना खाने के लिए मैंने दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब नहीं आया। झांककर देखा तो वह फंदे से लटका हुआ था। बेटे का किसी से झगड़ा नहीं था। बेटे ने ऐसा क्यों किया हमें नहीं पता।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
नगर कोतवाल विंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
लेखक के बारे में
sandeepलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


