Hindi NewsUttar-pradesh NewsGonda NewsTraffic Crisis in Gonda City Parking Issues Cause Daily Jams
बोले गोण्डा: पार्किंग के सारे इंतजाम फेल, लोग परेशान,जाम रहे झेल

बोले गोण्डा: पार्किंग के सारे इंतजाम फेल, लोग परेशान,जाम रहे झेल

संक्षेप:

Gonda News - गोंडा शहर में यातायात व्यवस्था बदहाल है। पार्किंग की कमी के कारण लोग जाम में फंसते हैं, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। चौक बाजार, बस स्टैंड और स्टेशन रोड पर वाहनों की लंबी कतारें नजर आती हैं। लोग अनधिकृत पार्किंग और अतिक्रमण की समस्या से परेशान हैं। प्रशासन को इसे सुधारने की आवश्यकता है।

Wed, 3 Dec 2025 05:11 PMNewswrap हिन्दुस्तान, गोंडा
share Share
Follow Us on

शहर की बदहाल यातायात व्यवस्था लगातार लोगों का दर्द बढ़ा रही है। जिम्मेदार अनजान बने हुए हैं। रविवार और सार्वजनिक छुट्टियों को छोड़कर रोजाना जाम की स्थिति पहले की तरह ही है। शहर में चौक बाजार, बस स्टैंड, स्टेशन रोड, अयोध्या-गोंडा रोड, बलरामपुर, बहराइच सहित लखनऊ हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार नजर आती है। गोण्डा। जिले में वाहनों की संख्या में दिन-ब-दिन इजाफा हो रहा है। वाहनों के लिहाज से शहर के हाईवे से लेकर कालोनी की सड़कें संकरी नजर आती है। बीते कुछ सालों में पार्किंग एक ऐसी समस्या बनकर उभरी है जिससे लगभग हर तबका परेशान नजर आता है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

शहर का प्रमुख लखनऊ से बलरामपुर हाईवे, अयोध्या मार्ग हो या फिर चौक बाजार। यहां बेतरतीब तरीके से अतिक्रमण स्थल के साथ सड़कों पर खड़े वाहन हर दिन लगते जाम का कारण बन रहे हैं। हिन्दुस्तान के बोले गोंडा मुहिम में शहर की सड़कों पर पार्किंग की समस्या को लेकर लोगों से राय जानने पर यह बात सामने आई कि स्थाई पार्किंग न होने से जाम से राहत नहीं मिल पा रही है। लोगों ने कहा कि शहर के किसी भी मार्ग पर बाजार आने वाले लोगों के लिए स्थाई पार्किंग नहीं है। हालांकि, तीज त्योहारों पर जिला प्रशासन अस्थाई पार्किंग व्यवस्था कर खानापूर्ति करके बचाव करता है। व्यापारियों के साथ राहगीर भी जाम में फंसने पर सड़कों पर बने वाहनों के पार्किंग को कोसते नजर आते हैं। हिन्दुस्तान संवाद में शामिल लोगों ने बताया कि दुकानों के सामने वाहन खड़ा करने से कारोबार प्रभावित हो रहा है। लोगों का कहना है कि शहर के हाईवे से लेकर प्रमुख मार्ग व गलियां जाम से मुक्त होने के बाद नए रूप में नजर आएंगी। इसलिए शहर में व्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े करने की व्यवस्था होनी चाहिए। शहर के कई मार्गों को स्थानीय दुकानदारों और लोगों ने अनाधिकृत पार्किंग स्थल बना दिया है। लोगों ने कहा कि चौक बाजार, पोर्टरगंज लखनऊ हाईवे से लेकर बड़गांव पुल तक जगह-जगह मल्टी कॉम्प्लेक्स और दुकानों व घरों के सामने, रानी बाजार, महाराजगंज, आईटीआई रोड, बहराइच रोड और फैजाबाद रोड पर दर्जनों जगहों पर आए दिन जाम लगता है। जिला मुख्यालय ही नहीं कस्बाई बाजार की सड़कों पर दुकानों और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के आगे खड़े वाहनों से लग रहे जाम प्रमुख समस्या बन गया है। इससे कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। जाम लगने का मुख्य कारण पार्किंग न होने से सड़कों और पटरियों पर वाहनों का खड़ा होना माना जाता है। इसकी वजह से रोजाना शहर के चौक बाजार और प्रमुख चौराहे पर वाहन रेंगते नजर आते हैं। कई बार तो भयंकर जाम लगता है जिसमें फंसे लोगों को कई घंटों तक इंतजार करना पड़ता है। लोगों ने बताया कि स्टेशन रोड पर एलबीएस चौराहा, झूलेलाल चौराहा, महाराजा अग्रसेन चौराहा पर मल्टी कॉम्प्लेक्स, दुकान, बैंक और निजी अस्पताल बने हुए हैं। इन स्थानों पर अक्सर भीड़ रहती है। जिससे सड़क के दोनों पटरियों पर लोगों के वाहन रोड पर खड़े नजर आते रहते हैं। इससे राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। आईटीआई रोड चौराहा से लेकर झंझरी ब्लॉक कार्यालय तक वाहनों की पार्किंग लोगों के लिए बड़ी समस्या बन चुकी है। दुकानदार भी अपने वाहन सड़क किनारे खड़ा करते हैं। जिस वजह से जाम की समस्या बनती रहती है। महाराजा अग्रसेन चौराहा से चारों प्रमुख मार्ग पर सड़कों पर अनाधिकृत पार्किंग की समस्या से लोग परेशान हैं। यहां दुकानों के आगे बाइक और कार पार्क कर दिए जाते हैं। दोनों दिशा में बाइकें खड़ी रहने से जाम लगता है। शहर की सभी गलियों व रास्तों का कमोवेश यही हाल है। लोग अपने घरों के बाहर ही नियमों को ताक पर रखकर वाहन पार्क करते हैं। ऐसी स्थिति में अगर इन गलियों से आपातकाल में कोई एंबुलेंस व अन्य वाहन को गुजारना पड़ जाए तो परेशानी और अधिक बढ़ जाती है। शहरवासियों के अलावा तमाम कार्यों से आने वाले जिले भर के लोगों की भीड़ भी अधिक रहती है। कलेक्ट्रेट में ठेका पर दोपहिया और चार पहिया वाहनों का स्टैंड बनाया गया है। इसके अलावा तमाम सरकारी कार्यालय, मैरिज हाल, निजी अस्पताल व बैंकों के बाहर पार्किंग की सुविधा नहीं है। इस वजह से इनके आसपास अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़ा करना आम बात हो गई है। जिस कारण जाम की समस्या से लोगों को जूझना पड़ता है। फुटपाथ से हटना चाहिए अतिक्रमण हिन्दुस्तान से बातचीत में शहरवासियों ने बताया कि सड़कों पर पार्किंग की समस्या को दूर करने के लिए नगर पालिका को बाजार को व्यवस्थित करने की जरूरत है। लोगों ने कहा कि शहर के हर मार्ग पर बड़े शांपिंग कॉम्प्लेक्स तो बने हैं लेकिन उनके पास पार्किंग की व्यवस्था न होने से सड़क पर वाहनों को खड़ा करते है, जिससे जाम लगता है। यहीं नहीं, अनाधिकृत पार्किंग के साथ-साथ शहर के बाजार में फुटपाथ से भी अतिक्रमण को हटाने की आवश्यकता है। दुकानदारों ने अपनी दुकान के आगे अवैध रूप से कब्जा किया है। निर्धारित मानक को तोड़ते हुए वह अपने सामान सड़कों पर फैला रखें है। यह नहीं होना चाहिए। दुकानों का आधा सामान सड़कों पर होता है। इससे सड़कें संकरी हो जाती हैं। प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए। पार्किंग व्यवस्था नहीं हिन्दुस्तान से बातचीत में लोगों ने बताया कि शहर का विकास तो हो रहा है, लेकिन अभी तक पार्किंग की व्यवस्था नहीं हो पाई है। सभी इलाकों की अगर बात करें तो बाजारों से लेकर नगर के अधिकांश दफ्तरों, मैरिज हाल, निजी नर्सिंग होम, अस्पताल व बैंकों के पास अपनी पार्किंग की कोई व्यवस्था ही नहीं है। इससे यहां आने वाले लोग बेतरतीब ढंग से वाहन खड़ा करते हैं और यहां से गुजरने वालों लोगों को जाम से जूझना पड़ता है। इससे समस्या होती है। प्रस्तुति : रंजीत तिवारी/सच्चिदानंद शुक्ल बोले लोग -------------- जिले में कुछ सालों में वाहनों की संख्या बढ़ी है लेकिन पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से बाजार में जाम लगा रहता है। इस वजह से व्यापार प्रभावित हो रहा है। -रोहित मिश्रा दुकानदारों ने काफी हद तक फुटपाथ से अपना सामान हटा लिया है। ग्राहक तो अपना वाहन लेकर आता ही है। पालिका को पार्किंग बनवानी चाहिए। -महेश गुप्ता सड़कों पर अनाधिकृत पार्किंग को खत्म करने के लिए सभी लोगों का सहयोग जरूरी है। लोग अपने वाहनों को यहां-वहां खड़ा न करें। - राजवीर गुप्ता वाहनों को खड़ा करने के लिए जगह देखनी पड़ती है। शहर में दुकानों के आगे बहुत जाम रहता है। पालिका और प्रशासन को प्रयास करने चाहिए। -रवि मिश्रा बोले जिम्मेदार --------------- शहर की सड़कों को जाम से मुक्त करने को लेकर नियमित निगरानी की जा रही है। जाम से निजात दिलाने को लेकर पालिका और पुलिस टीम के साथ समन्वय बनाकर काम किया जाएगा। सड़क पर अतिक्रमण करने वाले लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। -पंकज वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट