पेड़ से लटका मिला अधेड़ का शव, शिनाख्त नहीं
इटियाथोक थानाक्षेत्र के विशुनपुर तिवारी गांव में एक अधेड़ का शव पीपल के पेड़ से लटका मिला। मृतक की उम्र करीब 55 वर्ष है, लेकिन पहचान नहीं हो पाई। मृतक के बेटे ने शव देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
मेहनौन, संवाददाता। इटियाथोक थानाक्षेत्र के विशुनपुर तिवारी गांव में गुरुवार को अधेड़ का शव पीपल के पेड़ से कपड़े के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अधेड़ की उम्र करीब 55 वर्ष बताई जा रही है, लेकिन शाम तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। विशुनपुर तिवारी गांव के इब्राहीम ने बताया कि वह राधे तिवारी के खेत की सिंचाई कर रहे थे। दोपहर करीब एक बजे उनका बेटा कल्लू पत्ती तोड़ने के लिए खेत की ओर गया। इसी दौरान उसने पेड़ से लटका शव देखा और घर आकर सूचना दी। जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। साथ ही आसपास के लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक इटियाथोक कमलाकांत त्रिपाठी ने बताया कि गांव से करीब 500 मीटर पूरब दिशा में पेड़ से शव लटका मिला है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों को सूचना दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


