
गल्ला मंडी रोड पर गंदगी से निजात दिलाने की गुहार
Gonda News - गोंडा में देवीपाटन मंडल के आयुक्त ने मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद कार्यक्रम के तहत विशेष महिला जनसुनवाई का आयोजन किया। 11 महिलाओं ने भूमि विवाद, पारिवारिक कलह, रास्ता विवाद और अवैध कब्जे जैसी समस्याएं रखीं। मोहल्ला इमिलिया की महिलाओं ने गंदगी और जलभराव की समस्या भी उठाई, जिस पर आयुक्त ने निस्तारण का आश्वासन दिया।
गोंडा, संवाददाता। देवीपाटन मंडल के आयुक्त शशि भूषण लाल सुशील ने सोमवार को मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद कार्यक्रम के तहत विशेष महिला जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों से आई 11 महिलाओं ने अपनी समस्याएं रखी। जिनमें भूमि विवाद, पारिवारिक कलह, रास्ता विवाद, मारपीट, अवैध कब्जा, राशन कार्ड तथा प्रशासनिक स्तर पर लंबित मामलों से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं। जनसुनवाई में मोहल्ला इमिलिया गुरुदयाल, न्यू गल्लामंडी रोड की महिलाओं ने गन्दगी व जलभराव की गंभीर समस्या उठाई। महिलाओं ने बताया कि नालियों की समुचित व्यवस्था न होने और नियमित सफाई न होने से गली में पानी भरा रहता है, जिससे आवागमन बाधित है और बच्चों के घायल होने की घटनाएँ हो रही हैं।
विषैले जीव-जंतुओं के भय से लोग घर से निकलने में असहज हैं। इस पर आयुक्त ने महिलाओं को एक हफ्ते के भीतर शिकायत का निस्तारण करने का आश्वासन दिया। इटियाथोक क्षेत्र के ग्राम अयाह निवासी रेनू मौर्या ने मारपीट एवं धमकी का मामला उठाया। बताया कि 15 दिसम्बर को रास्ते के विवाद में विपक्षियों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट की, जिसमें वह व उनके परिजन घायल हुए। जिला अस्पताल में चिकित्सीय परीक्षण के बावजूद थाना स्तर पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। ग्राम ढोंगवा निवासी पम्मी तिवारी ने बैनामे की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की। उन्होंने बताया कि विजय नगर चौराहा स्थित उनकी भूमि पर पड़ोसियों द्वारा कब्जा कर खेती की जा रही है तथा निर्माण कार्य में बाधा और धमकी दी जा रही है। मण्डलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन मामलों में स्थल निरीक्षण अथवा संयुक्त जांच की आवश्यकता है। वहां तत्काल टीम गठित कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि निस्तारण की प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर पुनः समीक्षा की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान अपर आयुक्त एवं उपायुक्त खाद्य भी उपस्थित रहीं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




