
पुलिस कर्मियों के बच्चे और महिलाओं को बनाया जाएगा हुनरमंद
Gonda News - गोण्डा में रिजर्व पुलिस लाइन में रहने वाले पुलिसकर्मियों के परिवारों के लिए कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र खोला जा रहा है। यह केंद्र महिलाओं और युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान करेगा, जिसमें सिलाई, टेलरिंग, कंप्यूटर, और डाटा एंट्री जैसे कोर्स शामिल हैं। यह पहल परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में मदद करेगी।
गोण्डा। रिजर्व पुलिस लाइन में रहने वाले पुलिस कर्मियों के बच्चों और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सराहनीय और दूरदर्शी पहल की जा रही है। वामा सारथी एवं कौशल विकास मिशन के संयुक्त तत्वावधान में पुलिस लाइन परिसर में स्किल डेवलपमेंट प्रशिक्षण केंद्र खोले जाने की तैयारी अंतिम चरण में है। इस केंद्र के माध्यम से युवाओं और महिलाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण देकर उन्हें हुनरमंद बनाया जाएगा, ताकि वे स्वरोजगार और निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें। कौशल विकास मिशन एमआईएस मैनेजर दीपक खरे व अविनाश सिंह ने बताया कि यह प्रशिक्षण केंद्र विशेष रूप से पुलिस लाइन परिसर में रहने वाले परिवारों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा।
यहां एनएसडीसी के तहत प्रमाणित सर्टिफिकेट कोर्स संचालित किए जाएंगे। इन कोर्सों में सिलाई-कढ़ाई, टेलरिंग, ब्यूटीशियन, बेसिक कंप्यूटर, डाटा एंट्री ऑपरेटर सहित अन्य तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण शामिल होंगे। डाटा एंट्री ऑपरेटर का कोर्स तीन माह का होगा, जिसे पूरा करने पर प्रशिक्षार्थियों को मान्यता प्राप्त प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण केंद्र में आधुनिक संसाधनों की समुचित व्यवस्था की गई है। यहां 15 कंप्यूटर, 10 सिलाई मशीन सहित आवश्यक उपकरण लगाए गए हैं। एक बैच में 25 प्रशिक्षार्थियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि प्रतिदिन कुल छह बैच संचालित करने की योजना है। इससे बड़ी संख्या में बच्चे और महिलाएं एक साथ प्रशिक्षण का लाभ उठा सकेंगे। मैक्स प्रो डिजिटल इंडिया लिमिटेड कंपनी के एमडी महेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि कौशल विकास मिशन और वामा सारथी के सहयोग से यह कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे और महिलाएं यहां निशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। अविनाश सिंह ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुलिस कर्मियों के परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनमें आत्मविश्वास पैदा करना है। स्थानीय स्तर पर इस प्रयास की व्यापक सराहना हो रही है। माना जा रहा है कि यह प्रशिक्षण केंद्र पुलिस लाइन में रहने वाले परिवारों के लिए आय के नए रास्ते खोलेगा और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में मजबूत आधार प्रदान करेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




