Gonda News: लगातार दूसरे दिन गांव में लाखों की चोरी, पुलिस जांच में जुटी
Gonda News: इटियाथोक क्षेत्र के बिनोहनी गांव में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों को डर में डाल दिया है। चोरों ने दो दिनों में तीन घरों को निशाना बनाया, जिससे लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी हुई। ग्रामीण पुलिस से गश्त बढ़ाने और घटनाओं के शीघ्र खुलासे की मांग कर रहे हैं।

Gonda News: मेहनौन, संवाददाता। इटियाथोक कोतवाली क्षेत्र के बिनोहनी गांव में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार दूसरे दिन चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पार कर दिया। इससे एक दिन पहले भी चोरों ने गांव के दो घरों को निशाना बनाया था। लगातार हो रही चोरी की वारदातों से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीण रात में पुलिस गश्त पर सवाल उठाते हुए चोरी की घटनाओं के शीघ्र खुलासे की मांग कर रहे हैं। गांव निवासी रामभवन कश्यप के अनुसार सोमवार रात वह परिवार के साथ घर के बाहर सो रहे थे।
इसी दौरान चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने घर में रखे बाक्स के नीचे से आभूषण और नकदी निकाल ली और फरार हो गए। मंगलवार सुबह भैंस बांधने के लिए उठे रामभवन ने घर का ताला टूटा देखा तो चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। ग्रामीणों के मुताबिक, एक दिन पहले ही चोरों ने गांव निवासी अरविंद वर्मा और दिनेश वर्मा के घरों को निशाना बनाया था। दोनों घरों से भी हजारों रुपए के आभूषण चोरी होने की बात सामने आई थी। लगातार दो दिनों में तीन घरों में चोरी की घटनाओं से गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि रात में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि चोरों पर अंकुश लग सके। थानाध्यक्ष गौरव सिंह तोमर ने बताया कि चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


