मकान में घुसकर नकदी-जेवर ले उड़े चोर

Newswrap हिन्दुस्तान, गोंडा
share

Gonda News - कोतवाली इटियाथोक क्षेत्र में चोरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। फरेंदा कानूनगो गांव में एक घर में लाखों रुपए के जेवरात और नकदी की चोरी हुई। गृहस्वामी आलोक कुमार परिवार के साथ छत पर सो रहे थे जब चोर घर में घुस आए। पीड़ित ने कोतवाली में अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

मकान में घुसकर नकदी-जेवर ले उड़े चोर

मेहनौन, संवाददाता। कोतवाली इटियाथोक क्षेत्र में चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते तीन दिनों के भीतर चोरी की दूसरी बड़ी घटना सामने आने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। साथ ही पुलिस की सक्रियता पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। मामला फरेंदा कानूनगो गांव का है, जहां बुधवार देर रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। गृहस्वामी आलोक कुमार बुधवार रात अपने परिवार के साथ घर की छत पर सो रहे थे। इसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर चोर मकान के पीछे के रास्ते से घर के अंदर दाखिल हो गए।

चोरों ने बड़ी सफाई से कमरे में रखी अलमारी और बक्से को खंगाल डाला। बताया जा रहा है कि चोर अलमारी को घर के बाहर तक उठा ले गए और उसमें रखा सोने-चांदी का कीमती सामान निकाल लिया। चोरी गए सामान में चांदी की पायजेब, चार जोड़ी पायल, सोने की दो जंजीर, तीन अंगूठियां, तीन जोड़ी झुमकी, झाला समेत करीब तीस हजार रुपए नकद शामिल हैं। घटना के दौरान घर के अन्य सदस्यों और महिलाओं को भनक तक नहीं लगी। गुरुवार सुबह जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो कमरे में सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही गांव के तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। पीड़ित आलोक कुमार ने कोतवाली इटियाथोक में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक कमलाकांत त्रिपाठी ने बताया कि चोरी की सूचना प्राप्त हुई है। मामले की जांच-पड़ताल चल रही है और जल्द ही घटना के खुलासे का प्रयास किया जाएगा।

Voice of UP
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।