Gonda News: रेलवे ट्रैक पर दो हादसे, मजदूर और युवक की मौत
Gonda News: नवाबगंज के अयोध्या-मनकापुर रेलवे ट्रैक पर अलग-अलग हादसों में एक मजदूर और एक युवक की मौत हो गई। पहली घटना में 58 वर्षीय राजेंद्र कुमार की ट्रेन से टकराने से मौत हो गई। दूसरी घटना में 20 वर्षीय सचिन का शव रेलवे ट्रैक पर मिला। दोनों परिवारों में मातम फैला है।
Gonda News: नवाबगंज (गोंडा), संवाददाता। अयोध्या-मनकापुर रेलवे ट्रैक पर अलग-अलग हादसों में एक मजदूर और एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। हादसों के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। पहली घटना रविवार रात करीब 12 बजे की है।
पहली घटना
थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव के पंडित पुरवा निवासी 58 वर्षीय राजेंद्र कुमार उर्फ बवाली अयोध्या-मनकापुर रेलखंड पर सिरसा हनुमान मंदिर के सामने रेलवे लाइन पार कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजन घटनास्थल पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी जान जा चुकी थी। राजेंद्र मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके छह बेटे हैं, जिनमें चार की शादी हो चुकी है। घटना के बाद पत्नी विमला देवी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
दूसरी घटना
दूसरी घटना सोमवार सुबह करीब पांच बजे नवाबगंज रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक का सिर धड़ से अलग पड़ा मिला। रात्रि में किसी ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की तलाशी ली तो मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान बस्ती जिले के छावनी थाना क्षेत्र के गौरिया नैन गांव निवासी 20 वर्षीय सचिन पुत्र मनीष के रूप में हुई। सूचना पर मौके पर पहुंचे मृतक के पिता मनीष ने बताया कि सचिन मानसिक रूप से अस्वस्थ था और अक्सर बिना बताए घर से निकल जाता था। रविवार शाम करीब छह बजे भी वह घर से निकला था। सोमवार सुबह रेल हादसे में उसकी मौतें की सूचना मिली। सचिन चाट के ठेले पर काम करता था। उसकी शादी नहीं हुई थी। वह दो भाइयों और चार बहनों में दूसरे नंबर पर था। हादसे की खबर मिलते ही मां सुनीता देवी सहित पूरे परिवार में मातम छा गया। एसओ अभय सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
नियमित प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


